कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का विरोध प्रदर्शन इस वक्त देश भर में चर्चा का केंद्र बना हुआ है। इस पर लोगों की राय भी बंटी हुई है। कुछ लोग आंदोलन का समर्थन कर रहे हैं और कुछ विरोध भी कर रहे हैं। इस बीच, केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने आज स्पष्ट किया कि सरकार इस मुद्दे पर चर्चा के लिए पूरी तरह से तैयार है। डॉ. जितेंद्र सिंह ने आज मीडिया के माध्यम से जानकारी दी कि सरकार ने कल दोपहर से ही उनके प्रतिनिधियों के साथ बातचीत के लिए चार प्रस्ताव भेजे थे। उन्होंने कहा कि हमारे युवा साथियों के लिए ये खुला निमंत्रण है कि सरकार आपकी सुविधा और समय के अनुसार बातचीत के लिए तैयार है।
बातचीत केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा के आवास या ऑफिस पर हो सकती है। साथ में वो स्वयं भी उपस्थित रहेंगे। बातचीत खुले मन से हो सकती है और वो जहां चाहें, वहां हो सकती हैं। हम अपनी प्रतिष्ठा या सम्मान को आड़े नहीं आने देंगे। केंद्रीय मंत्री सिंह ने आगे कहा, "आप सभी से विनम्रतापूर्वक अपील करता हूँ कि आप आएं और बातचीत करें। कृपया आगे आएं ताकि हम छात्रों, युवाओं और पूरे देश के हित में इस स्थिति का कोई समाधान निकाल सकें। जैसा कि आप भी जानते हैं, आज सुबह ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साफ तौर पर कहा है कि इस सरकार के लिए छात्रों का हित सबसे ऊपर है।"
उनके अनुसार, सरकार छात्रों के कल्याण की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जा सकती है। इतना ही नहीं, प्रधानमंत्री ने हाल ही में हुए पेपर लीक के लिए जिम्मेदार लोगों से जुड़े मामलों से निपटने के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने का भी बहुत महत्वपूर्ण फैसला लिया है, ताकि अंतिम फैसला जल्द और निर्णायक रूप से आ सकें। एक बार फिर, मैं सरकार की ओर से बहुत विनम्रतापूर्वक आपको आगे आने के लिए आमंत्रित करता हूँ।"