नई दिल्ली : दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता पर बुधवार को साप्ताहिक जन सुनवाई के बीच अटैक हुआ है। यह घटना सीएम आवास पर जन सुनवाई के बीच की है। आरोपी शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया है एवं उससे पूछताछ अब भी चल रही है। खबरों का कहना है कि सीएम आवास के अधिकारियों के अनुसार, जिस समय मुख्यमंत्री जन सुनवाई कर रही थी। उसी वक्त एक शख्स अपनी शिकायत लेकर वहां आया। इस बीच उसने सीएम को थप्पड़ मारा। हालांकि थप्पड़ मारने वाले शख्स को गिरफ्तार किया जा चुका है, आरोपी को सिविल लाइन पुलिस स्टेशन ले जाया गया है।
खबरों का कहना है कि शुरूआती जानकारी में आरोपी ने अपना नाम राजेश खिमजी बताया है, वह राजकोट गुजरात का रहने वाला है, राजेश की आयु 41 वर्ष है, गृह मंत्रालय सूत्रों के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने गृह मंत्रालय को दिल्ली की सीएम पर हुए अटैक की जानकारी दी है।
दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता प्रवीण शंकर ने भी कहा है कि जन सुनवाई के बहाने एक शख्स मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के पास आया। इतना ही नहीं उसने सबसे पहले मुख्यमंत्री गुप्ता को कुछ कागजात दिए, फिर एकदम से वह चिल्लाने लगा एवं थप्पड़ मार दिया। हालांकि, दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष ने दिल्ली मुख्यमंत्री को थप्पड़ मारे जाने वाली बात से इंकार किया है।
दिल्ली BJP अध्यक्ष ने सीएम पर हुए हमले पर क्या कहा? :
दिल्ली भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने इस पूरी घटना के बारें में जानकारी देते हुए कहा है कि आज सुबह जनसुनवाई के समय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जनता के मध्य थी और उनसे बात कर रही थी। इस बीच एक शख्स उनके पास आता है, कुछ कागज रखता है और अचानक उनका हाथ पड़कर उन्होंने खींचने का प्रयास करता है। इस दौरान धक्का-मुक्की होती है और उनका सिर शायद मेज के एक कोने से जाकर टकरा गया। वहां मौजूद लोगों ने उस व्यक्ति को पकड़ लिया। पुलिस अभी कार्रवाई कर रही है, मुख्यमंत्री की हालत स्थिर है। डॉक्टर उन्हें देख चुके हैं। उन्हें सदमा लगा है। मैंने मुख्यमंत्री से मुलाकात की है वह मजबूत महिला है, जानती हैं कि दिल्ली को लेकर एक कमिटमेंट है। उन्होंने कहा है कि वह अपने रोजमर्रा के कामों से नहीं रुकेंगी। उन्हें पत्थर नहीं मारा, थप्पड़ नहीं मारा है, जो भी यह चल रहा है वह गलत है। वहीं दिल्ली बीजेपी ने इस घटना की निंदा की है। बीजेपी नेता रमेश बिधूड़ी ने कहा कि मुझे लगता है कि सीएम रेखा गुप्ता पर अटैक का ये प्रयास जन सुनवाई को डीरेल करने की मंशा से किया गया है।
हमले के पीछे राजनीतिक साजिश : मनजिंदर सिंह सिरसा
दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा है कि मैं जनसुनवाई के समय सीएम पर हुए हमले की कड़ी निंदा करता हूँ, वह दिन रात दिल्ली की चिंता करती है ये विरोधियों की साजिश है, उन्होंने अपनी बात को जारी रखते हुए आगे कहा है कि इसके पीछे एक राजनीतिक साजिश लगती है, दिल्ली पुलिस इसकी कार्रवाई कर रही है, जल्द ही सब साफ़ हो जाएगा।