गोरखपुर में अखिलेश यादव का शक्ति प्रदर्शन, PDA यात्रा से भाजपा को दी चुनौती

इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य पूर्वी उत्तर प्रदेश में पार्टी की पकड़ को मजबूत करना और आगामी विधानसभा चुनावों से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ में एक बड़ा राजनीतिक संदेश देना था। यात्रा की कुछ तस्वीरें X पर साझा करते हुए अखिलेश ने लिखा, "गोरखपुर में हमारे रोडशो में उमड़े जनसैलाब को देखकर जनता कह रही है कि किसी का गढ़ गड़बड़ा गया है! इस बार गोरखपुर में जनता भाजपा को नौ बटे निल कर देगी। पूरे गोरखपुर मंडल में एकजुट पीडीए का समाज प्रभुत्ववादियों को धूल चटा देगा।"

गोरखपुर में अखिलेश यादव का शक्ति प्रदर्शन, PDA यात्रा से भाजपा को दी चुनौती

गोरखपुर में आयोजित इस PDA यात्रा के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला।

Share:

Highlights

  • अखिलेश यादव ने गोरखपुर एयरपोर्ट से चौरी चौरा के देवकही तक 20 किलोमीटर लंबी यात्रा निकाली।
  • अखिलेश ने कहा की चुनाव सिर्फ सीटें जीतने का नहीं बल्कि राज्य के भविष्य और लोकतंत्र को बचाने का भी है।
  • उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सपा सरकार पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया।

समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज गोरखपुर दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने गोरखपुर एयरपोर्ट से चौरी चौरा के देवकही तक 20 किलोमीटर लंबी PDA यात्रा का नेतृत्व किया। नंदा नगर और गुरुंग तिराहा से होकर गुजरने वाली इस यात्रा में पार्टी कार्यकर्ताओं का भारी उत्साह देखने को मिला।

इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य पूर्वी उत्तर प्रदेश में पार्टी की पकड़ को मजबूत करना और आगामी विधानसभा चुनावों से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ में एक बड़ा राजनीतिक संदेश देना था। यात्रा की कुछ तस्वीरें X पर साझा करते हुए अखिलेश ने लिखा, "गोरखपुर में हमारे रोडशो में उमड़े जनसैलाब को देखकर जनता कह रही है कि किसी का गढ़ गड़बड़ा गया है! इस बार गोरखपुर में जनता भाजपा को नौ बटे निल कर देगी। पूरे गोरखपुर मंडल में एकजुट पीडीए का समाज प्रभुत्ववादियों को धूल चटा देगा। गोरखपुर की ये पुकार, अहंकार की होगी हार।"

रोडशो के बाद लोगों को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि यह तो बस चुनावों की शुरुआत है, या यूँ कहें कि चुनावों से पहले की तैयारियाँ हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक चुनाव की तारीखों का ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन गोरखपुर के लोगों में जो उत्साह और जोश दिख रहा है, उसे देखिए। अखिलेश ने दावा किया कि यदि आज वोटिंग हो जाए, तो गोरखपुर भी काशी की तरह ही भाजपा को डबल जीरो दे देगा।

अखिलेश यादव ने कहा कि, "मैं गोरखपुर और आसपास के इलाकों के लोगों से अपील और अनुरोध करने आया हूँ कि यह चुनाव सिर्फ सीटें जीतने के बारे में नहीं है। सीटें जीतने के साथ-साथ, यह चुनाव आपके भविष्य के बारे में है। यह राज्य के भविष्य के बारे में है। यह इस बारे में भी है कि देश का लोकतंत्र बचेगा या नहीं।"

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि गोरखपुर पहुँचकर मुझे ऐसा लगा मानो मैं यूरोप आ गया हूँ, यूँ कहें कि यह गोरखपुर से ज्यादा यूरोप की यात्रा लगी। यह यूरोपीय अनुभव पूरी तरह से भाजपा के झूठे वादों की देन है। कुछ ही दिन पहले चंद घंटों की बारिश से जलस्तर इतना बढ़ गया कि बाढ़ का पानी लोगों के घरों में घुस गया और पूरा शहर वेनिस जैसा बन गया।"

दूसरी तरफ, उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी अखिलेश यादव पर पलटवार किया। X पर एक पोस्ट साझा करते हुए उन्होंने लिखा, "डोर टू डोर जाइए और अपने कारनामों की माफी मांगिए, तो भी जनता माफ नहीं करेगी। सपा सरकार में आपके गुंडों के डर से बिना गुनाह के माताएं-बहनें अपने घरों में ही कैद हो गई थीं और अपने सपनों को लाचार होकर कुचल दिया था। इसलिए गाजियाबाद से गोरखपुर तक, कहीं भी और कितनी भी ‘शोबाजी’ कर लीजिए, कितने भी नारे लगा लीजिए, वैनिटी वैन पर सवार होकर कितने भी चक्कर लगा लीजिए, जनता का मूड नहीं बदलने वाला।"

उन्होंने अंत में लिखा, "आपके अहंकार, परिवारवाद, तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार और नाकामियों का शो उत्तर प्रदेश लगातार देख रहा है। आपकी जातिवादी राजनीति, अपराधियों को संरक्षण देने की परंपरा और विकास के नाम पर खोखले दावों को भी जनता भूली नहीं है।"

रिलेटेड टॉपिक्स
Most Popular