भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने जालंधर से समरसता संकल्प यात्रा को दिखाई हरी झंडी

जालंधर आगमन के बाद नितिन नबीन ने डेरा सचखंड बल्लां स्थित संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज मंदिर पहुंचकर माथा टेका। इस दौरान उन्होंने डेरा प्रमुख संत निरंजन दास जी से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद भी लिया।

भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने जालंधर से समरसता संकल्प यात्रा को दिखाई हरी झंडी

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने एक सभा को भी संबोधित किया।

Share:

Highlights

  • नितिन नबीन ने जालंधर से 16 दिवसीय समरसता संकल्प यात्रा का शुभारंभ किया।
  • 2,402 किमी की यात्रा 7 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से होकर 3 दिसंबर को काशी पहुंचेगी।
  • नितिन नबीन ने गुरु रविदास जी की शिक्षाओं, सामाजिक समानता और डेरा सचखंड बल्लां की सेवा परंपरा की सराहना की है।

पंजाब की राजनीति से एक बड़ी खबर सामने आई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन आज जालंधर दौरे पर रहे, जहाँ उन्होंने गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित 16 दिवसीय समरसता संकल्प यात्रा का शुभारंभ किया। पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने X पर राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन की तस्वीरें साझा कीं।

ढिल्लों ने बताया कि आदमपुर स्थित श्री गुरु रविदास महाराज एयरपोर्ट पर पहुंचने पर नितिन नबीन का गर्मजोशी से स्वागत और सम्मान किया गया। पूरी संगत से इस यात्रा में उत्साहपूर्वक शामिल होने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य संत रविदास जी की शिक्षाओं, सामाजिक समानता और आपसी सद्भाव के संदेश को घर-घर तक पहुंचाना है।

डेरा सचखंड बल्लां में टेका मत्था

जालंधर आगमन के बाद नितिन नबीन ने डेरा सचखंड बल्लां स्थित संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज मंदिर पहुंचकर माथा टेका। इस दौरान उन्होंने डेरा प्रमुख संत निरंजन दास जी से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद भी लिया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, नितिन नबीन ने जालंधर-पठानकोट जीटी रोड पर डेरा सचखंड बल्लां के समीप स्थित रायपुर गांव से समरसता संकल्प यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और एक विशाल जनसमूह को संबोधित किया।

यात्रा का पूरा रूट : 16 दिन में 2,402 किमी का सफर

भाजपा की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, 18 नवंबर से 3 दिसंबर तक इस 16 दिवसीय समरसता संकल्प यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। नितिन नबीन द्वारा जालंधर से हरी झंडी दिखाए जाने के बाद यह यात्रा 7 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश से होकर गुजरेगी। कुल 2,402 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए यह यात्रा 3 दिसंबर को काशी में संपन्न होगी। इस दौरान 100 से अधिक छोटी जनसभाएं और 17 बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें केंद्रीय मंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी भाग लेकर संत रविदास जी के बेगमपुरा (दुख-रहित समाज) और सामाजिक समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएंगे।

समाज को जागृत करेगी यह यात्रा : नितिन नबीन

जनसमूह को संबोधित करते हुए नितिन नबीन ने भव्य तैयारियों के लिए स्थानीय नेतृत्व को बधाई दी। उन्होंने भगवान वाल्मीकि जी, गुरु रविदास जी, संत निरंजन दास जी महाराज और उपस्थित सभी संतों व महंत साहिबों को नमन करते हुए कहा, "आपके आदर्शों के अनुरूप समाज को समरसता की भावना से जोड़ने के लिए यह यात्रा सात राज्यों से होकर गुजरेगी और गुरु रविदास जी की शिक्षाओं के माध्यम से समाज को जागृत करने का काम करेगी।"

डेरा की सेवा परंपरा और प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों की सराहना

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि किसी भी इंसान में महानता जन्म से नहीं, बल्कि उसके कर्मों और आचरण से आती है, जिसे हम गुरु रविदास जी के जीवन से समझ सकते हैं। उन्होंने संत पीपल दास जी द्वारा शुरू की गई और संत सरवन दास जी द्वारा आगे बढ़ाई गई डेरा सचखंड बल्लां की शिक्षा, स्वास्थ्य और सेवा की महान परंपरा का भी उल्लेख किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए नितिन नबीन ने कहा, "प्रधानमंत्री जी ने हमेशा गुरुओं को सर्वोच्च स्थान दिया है। फरवरी 2024 में उन्होंने वाराणसी स्थित गुरु रविदास जी की जन्मस्थली पर 25 फुट ऊंची कांस्य प्रतिमा स्थापित कर अपनी श्रद्धा व्यक्त की। आज वहाँ श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इसके साथ ही, आदमपुर हवाई अड्डे का नाम गुरु रविदास जी के नाम पर रखने का निर्णय उनके प्रति प्रधानमंत्री जी के गहरे सम्मान को दर्शाता है।"

रिलेटेड टॉपिक्स
Most Popular