अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित कोलंबिया यूनिवर्सिटी में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर बयान दिया है। यूनिवर्सिटी में आयोजित फायरसाइड चैट के दौरान उपस्थित लोगों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि भारत इस समय एक आर्थिक आपदा के मुहाने पर बैठा है। राहुल गांधी ने देश में बड़े पैमाने पर बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था की समस्याओं को इसकी प्रमुख वजह बताया। राहुल गांधी ने दावा किया कि भारत के आर्थिक मॉडल ने लगभग एक दशक पहले ही परिणाम देना बंद कर दिया था और मौजूदा स्थिति को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने मेक इन इंडिया और स्टार्टअप इंडिया जैसी सरकारी पहलों की प्रभावशीलता पर भी सवाल उठाए।
उनके इस बयान के बाद भारत में राजनीतिक बहस शुरू हो गई है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सी.आर. केशवन ने कहा कि जब भी राहुल गांधी विदेश जाते हैं, तो वे भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले जहरीले झूठ बोलने का एक खतरनाक पैटर्न अपनाते हैं। विदेशी धरती पर अपनी घटिया राजनीति के जरिए भारत का अपमान करना, राहुल गांधी की मूल विचारधारा लगती है। एक ऐसे समय में जब नया भारत अंतरराष्ट्रीय मंच पर उभर रहा है और दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है, तब राहुल गांधी का यह कहना कि भारतीय अर्थव्यवस्था बर्बादी की कगार पर है, यह केवल उनके विफल और हताश होने तथा उनकी राजनीतिक दिवालियापन को उजागर करता है।
वहीं भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि लोग कहते हैं कि राहुल गांधी बचकानी हरकतें करते हैं और अपरिपक्व हैं। हर कोई जानता है कि वह अपरिपक्व हैं। लेकिन, जब विपक्ष का नेता विदेशी धरती पर इस तरह की जहरीली बातें करता है, तो यह पता चल जाता जाता है कि वह भारत-विरोधी, शातिर और भारत का मीर जाफर है। जब भी संसद का सत्र आने वाला होता है, राहुल गांधी विदेश चले जाते हैं। अब शीतकालीन सत्र आने वाला है और पिछले सत्रों से पहले भी उन्होंने बिल्कुल ऐसा ही किया था। क्या वह अपने विदेशी आकाओं से मार्गदर्शन लेने के लिए विदेश जाते हैं?
कांग्रेस सांसद डॉ. अमर सिंह ने कहा कि राहुल गांधी में यही बातें यहां भी कही हैं। वे भारत में भी हर जगह यही बात दोहराते रहे हैं। इसलिए उनके बयान में कुछ भी नया नहीं है और यही इस देश की सच्चाई है। बेरोजगारी बहुत ज्यादा है और पढ़े-लिखे लोगों के बीच बेरोजगारी सबसे ज्यादा है। महंगाई इतनी है कि देश दबाव में है। आप किसी आम आदमी से बात करें या उन लोगों से पूछें जो हमारे घरों में काम करते हैं, तो वे बताएंगे कि अब बाजार से खाने-पीने की चीजें खरीदना भी बहुत मुश्किल हो गया है।
महंगाई बहुत ज्यादा है। बेरोजगारी बहुत ज्यादा है। कोई नई नौकरियां नहीं आ रही हैं। कोई नया उद्योग नहीं आ रहा है। अगर कोई उद्योग आ भी रहा है, तो वह पूरी तरह से तकनीक पर आधारित है, जिसमें बहुत उच्च तकनीकी कौशल की जरूरत होती है। इससे बहुत कम नौकरियां पैदा हो रही हैं। कुल मिलाकर, नौकरियां पैदा करने के मोर्चे पर कुछ नहीं हो रहा है। देश सच में मुसीबत में है और प्रधानमंत्री मोदी को कोई चिंता नहीं है। वे हमेशा की तरह अपने भाषण दे रहे हैं।