जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के कमांडर लतीफ भट को मुठभेड़ में ढेर कर दिया है। सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (CRPF) जवानों पर हुए आतंकी हमले के ठीक आठ दिन बाद सुरक्षाबलों ने इस जवाबी कार्रवाई को अंजाम दिया है। हमले के दोषियों की तलाश में इसे एक निर्णायक कामयाबी माना जा रहा है।
CRPF प्रमुख और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने दी कड़ी प्रतिक्रिया
इस ऑपरेशन के बाद CRPF के महानिदेशक (DG) ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने X पर जवानों को बधाई देते हुए लिखा, "बधाई हो दोस्तों। कुछ व्यंजन ठंडे ही परोसे जाने पर सबसे अच्छे लगते हैं, भले ही मौसम कितना भी सर्द क्यों न हो।" वहीं जम्मू-कश्मीर पुलिस ने भी X पर लिखा, "तुम भाग तो सकते हो, पर छिप नहीं सकते!"
SSP ने वीडियो कॉल कर आतंकी को दी थी सरेंडर की सलाह
एनकाउंटर के दौरान की स्थिति स्पष्ट करते हुए कुलगाम के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अनायत अली ने बताया कि यह ऑपरेशन जम्मू-कश्मीर पुलिस की पुख्ता खुफिया जानकारी के आधार पर शुरू किया गया था। सुरक्षाबलों ने पूरी योजना के साथ इलाके की घेराबंदी की थी। SSP अली के अनुसार, आतंकी को सरेंडर करने का पूरा मौका दिया गया था। उन्होंने बताया, "हमने अंदर एक फोन भिजवाया और मैंने खुद उससे वीडियो कॉल पर काफी देर तक बात की। उसे समझाया गया कि वह अभी युवा है और उसकी पूरी जिंदगी बाकी है, लेकिन उसने आत्मसमर्पण करने से इनकार कर दिया।"
मस्जिद की पवित्रता बचाने को सुरक्षाबलों ने बरता कड़ा संयम
पुलिस अधिकारी ने आगे बताया कि बातचीत विफल होने के बाद आतंकी एक मस्जिद में जा छिपा और रात करीब 2:45 बजे सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी। इस संवेदनशील स्थिति में जवानों ने स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) का पूरी तरह पालन किया। सुरक्षाबलों ने जल्दबाजी करने के बजाय दिन के उजाले और सही समय का इंतजार किया ताकि मस्जिद की पवित्रता और इमारत को कोई क्षति न पहुँचे और अंततः आतंकी को मार गिराया गया।
ठीक एक साल पहले बना था आतंकी, बड़े हमलों की थी साजिश
एनकाउंटर के दौरान ही SSP अली ने बताया था कि, "यह 2026 की हमारी सबसे बड़ी सफलताओं में से एक होगी। वह पिछले साल इसी दिन (18 नवंबर, 2025) सक्रिय हुआ था, लश्कर-ए-तैयबा (LeT) में शामिल हो गया था और पूरी तरह से कट्टरपंथी बन चुका था। उसे सीमा पार से निर्देश मिल रहे थे कि वह 3-4 बेरहम हमले करे और शांति, पर्यटन तथा अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुँचाए।"