अमित शाह पश्चिम बंगाल और जेपी नड्डा असम के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक हुए नियुक्त

उम्मीद यही जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा ही असम के सीएम के तौर पर आगे कंटिन्यू करेंगे। पश्चिम बंगाल में भी सुवेंदु अधिकारी को ही अगले मुख्यमंत्री के तौर पर देखा जा रहा है।

अमित शाह पश्चिम बंगाल और जेपी नड्डा असम के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक हुए नियुक्त

पश्चिम बंगाल और असम में शानदार जीत के बाद इन दो दिग्गज नेताओं को पर्यवेक्षक बनाया गया है।

Share:

Highlights

  • ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को पश्चिम बंगाल का सह-पर्यवेक्षक बनाया गया है।
  • हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को असम का सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।
  • पुडुचेरी के लिए मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया को पर्यवेक्षक और निर्मल कुमार सुराणा को सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।

पश्चिम बंगाल और असम की राजनीति से बड़ी खबरें सामने आईं हैं। इन दोनों ही राज्यों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की शानदार जीत के बाद, अब पार्टी के संसदीय बोर्ड द्वारा पार्टी विधायक दल के नेता के चुनाव हेतु केंद्रीय पर्यवेक्षकों की नियुक्ति भी हो चुकी है। पश्चिम बंगाल में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। उनके अलावा ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को केंद्रीय सह-पर्यवेक्षक नियुक्त गया है। वहीं असम में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा को केंद्रीय पर्यवेक्षक और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को केंद्रीय सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।

केवल इतना ही नहीं, पुडुचेरी में भी पर्यवेक्षकों की नियुक्ति हुई है। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया को केंद्रीय पर्यवेक्षक और पुडुचेरी के भाजपा प्रभारी निर्मल कुमार सुराणा को केंद्रीय सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। असम में BJP अकेले ही 82 सीटें जीत चुकी है, वहीं उनके सहयोगी दल असम गण परिषद (AGP) और बोडोलैंड पीपल्स फ्रंट (BPF) ने 10-10 सीटें हासिल की है। इस तरह असम की कुल 126 सीटों में से, नेशनल डेमोक्रेटिक अलायन्स (NDA) के पास 102 सीटें हैं, जो दो-तिहाई बहुमत से भी अधिक है। उम्मीद यही जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा ही सीएम के तौर पर आगे कंटिन्यू करेंगे। मुख्यमंत्री सरमा 2001 से जलुकबाड़ी के विधायक और 2021 से असम के सीएम हैं। उनके कार्यकाल में इंफ्रास्ट्रक्चर और हेल्थकेयर जैसे क्षेत्रों में अच्छा काम हुआ है।

पश्चिम बंगाल में भी 207 सीट जीतने के बाद, भवानीपुर एवं नंदीग्राम सीट से विजेता सुवेंदु अधिकारी को ही अगले मुख्यमंत्री के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि इस प्रदेश में कुछ और दावेदार भी मौजूद है। इनमें BJP के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद समिक भट्टाचार्य, आसनसोल दक्षिण से विधायक अग्निमित्रा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और खड़गपुर सदर से विधायक दिलीप घोष के नाम प्रमुख हैं। कहीं-कहीं पर सोनारपुर दक्षिण से विधायक और महाभारत (1988) में द्रौपदी के किरदार से प्रसिद्ध हुई रूपा गांगुली का नाम भी सामने आ रहा है। देखने वाली बात होगी कि इनमें से किसके सिर पर मुख्यमंत्री का ताज सजेगा। 

रिलेटेड टॉपिक्स