पश्चिम बंगाल में दो चरणों में, 23 और 29 अप्रैल को चुनाव होने हैं। पहले चरण के चुनाव में केवल 5 दिन शेष हैं और दोनों प्रमुख पार्टियां, तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) जमकर चुनाव प्रचार में जुटी हुई है। इसी चक्र में असम के मुख्यमंत्री और BJP के सर्वाधिक फायरब्रांड नेताओं में से एक, डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा आज कलिम्पोंग जिले के गोरूबथान में थे, जहां उन्होंने एक जनसभा को संबोधित किया। अपनी इस जनसभा में उन्होंने राज्य की ममता बनर्जी सरकार पर निशाना साधा। मुख्यमंत्री सरमा ने लोगों को आश्वासन देते हुए कहा कि असम में BJP 100 सीट हासिल कर सेंचुरी, वहीं पश्चिम बंगाल में 200 सीट लाकर डबल सेंचुरी लगाएगी।
मुख्यमंत्री हिमंता ने घुसपैठ के मुद्दे पर भी TMC पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि ये राज्य सरकार घुसपैठियों की सरकार है। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि ये लोग हमें सीमाओं पर फेंसिंग लगाने से रोक रहे हैं, जिसके कारण हर दिन बांग्लादेश से लोग यहां आते हैं। मुख्यमंत्री हिमंता ने बताया कि असम में कांग्रेस की सरकार थी और डेमोग्राफी बदलने के कारण आज पूरा सनातन हिन्दू समाज चिंतित है। आज असम और त्रिपुरा में BJP की सरकार है और घुसपैठ के रास्ते बंद हो चुके हैं, लेकिन पश्चिम बंगाल में ममता दीदी ने बांग्लादेशी घुसपैठियों का रास्ता खोलकर रखा हुआ है। उन्होंने जनता से आवाहन करते हुए कहा कि हमें ममता दीदी को शासन से हटाना पड़ेगा, नहीं तो एक दिन पूरे पश्चिम बंगाल को बांग्लादेशी घुसपैठिए लेकर चले जाएंगे।
मुख्यमंत्री हिमंता ने बड़े ही विश्वास के साथ लोगों से कहा कि जिस तरह असम में BJP, मेघालय में NDA और त्रिपुरा में BJP सरकार बनने के बाद सीमाएं बंद हो चुकी है, उसी तरह पश्चिम बंगाल में सरकार बनने के बाद सीमाएं बंद हो जाएंगी। इसके बाद एक-एक बांग्लादेशी घुसपैठी को बाहर किया जाएगा। उन्होंने अपने अंदाज में कहा कि राज्य में BJP सरकार सरकार बनने के बाद इन घुसपैठियों का घमंड एक दिन में टूट जाएगा। विकास के मुद्दे पर भी उन्होंने कहा कि TMC सरकार ने नॉर्थ बंगाल में कोई काम नहीं किया है।
मुख्यमंत्री हिमंता ने बताया कि हमारी सरकार यहां IIT, IIM और AIIMS की स्थापना करने का काम करेगी। इसके अलावा एक कैंसर हॉस्पिटल और पर्यटन की दृष्टि से दार्जीलिंग को बड़ा करने का काम भी किया जाएगा। उन्होंने जनता से ये भी कहा कि हमारी सरकार बनने के बाद "अन्नपूर्णा भंडार" योजना के तहत महिलाओं को 3000 रूपए दिए जाएंगे। फिलहाल TMC सरकार की "लक्ष्मीर भंडार" योजना के तहत महिलाओं को 1000-1500 रूपए दिए जाते हैं।