प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर भारत आएंगे नेपाली PM बालेंद्र शाह, ऊर्जा परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन

नेपाल के विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने ऐतिहासिक संबंध रहे हैं, जो साझा सभ्यता, सांस्कृतिक समानता और दोनों देशों के नागरिकों के बीच गहरे जुड़ाव पर आधारित हैं। यह राजकीय यात्रा द्विपक्षीय सहयोग को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप नई दिशा देने और दोनों देशों के लोगों के लिए आपसी लाभ को अधिकतम करने का एक महत्वपूर्ण अवसर साबित होगी। अपनी दो दिवसीय यात्रा संपन्न कर प्रधानमंत्री शाह 23 नवंबर को काठमांडू लौट आएंगे।

प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर भारत आएंगे नेपाली PM बालेंद्र शाह, ऊर्जा परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन

इस यात्रा के दौरान, नेपाल के प्रधानमंत्री अपने भारतीय समकक्ष नरेंद्र मोदी के साथ प्रतिनिधिमंडल-स्तर की बातचीत करेंगे।

Share:

Highlights

  • भारत आ रहे 34 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल में नेपाल के वित्त मंत्री और विदेश मंत्री भी शामिल होंगे।
  • बालेंद्र शाह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से शिष्टाचार भेंट करेंगे और विदेश मंत्री एस. जयशंकर से भी मुलाकात करेंगे।
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बालेंद्र शाह के सम्मान में आधिकारिक भोज का आयोजन करेंगे।

अंतरराष्ट्रीय जगत से एक बड़ी खबर सामने आई है। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह 22 से 23 नवंबर तक भारत के दो दिवसीय राजकीय दौरे पर आ रहे हैं। नेपाल के विदेश सचिव अमृत बहादुर राय ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री शाह, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर इस यात्रा पर आ रहे हैं।

यात्रा के कार्यक्रम का विवरण देते हुए विदेश सचिव ने बताया, "काठमांडू से नई दिल्ली के लिए रवाना होने वाले इस आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल में 34 सदस्य शामिल होंगे। दौरे के दौरान नेपाली प्रधानमंत्री सोमवार को अपने भारतीय समकक्ष नरेंद्र मोदी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे। इस अवसर पर दोनों प्रधानमंत्री ऊर्जा से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा के साथ कई समझौतों पर हस्ताक्षर भी किए जाएंगे।"

उन्होंने आगे बताया कि प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत के बाद दोनों प्रधानमंत्री एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे। इसके अलावा, नेपाली प्रधानमंत्री राजघाट जाकर महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे और 'नेपाल-भारत बिजनेस फोरम' में भी शामिल होंगे।

वहीं, नेपाल के विदेश मंत्रालय द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस रिलीज के अनुसार, प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह 22 नवंबर को नेपाल एयरलाइंस के विशेष विमान से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे। इस उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल में उनके साथ वित्त मंत्री डॉ. स्वर्णिम वागले, विदेश मंत्री शिशिर खनाल, प्रधानमंत्री के मुख्य सलाहकार कुमार ब्यंजनकर और नेपाल सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल रहेंगे।

प्रेस रिलीज के मुताबिक, अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री शाह भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से शिष्टाचार भेंट करेंगे और भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर भी उनसे मुलाकात करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अपने नेपाली समकक्ष के सम्मान में एक आधिकारिक भोज का आयोजन भी करेंगे।

नेपाल के विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने ऐतिहासिक संबंध रहे हैं, जो साझा सभ्यता, सांस्कृतिक समानता और दोनों देशों के नागरिकों के बीच गहरे जुड़ाव पर आधारित हैं। यह राजकीय यात्रा द्विपक्षीय सहयोग को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप नई दिशा देने और दोनों देशों के लोगों के लिए आपसी लाभ को अधिकतम करने का एक महत्वपूर्ण अवसर साबित होगी। अपनी दो दिवसीय यात्रा संपन्न कर प्रधानमंत्री शाह 23 नवंबर को काठमांडू लौट आएंगे।

वहीं, भारत के विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत और नेपाल के बीच बेहद घनिष्ठ और मैत्रीपूर्ण संबंध हैं, जो ऐतिहासिक, सांस्कृतिक व सभ्यतागत जुड़ाव तथा दोनों देशों के नागरिकों के बीच मजबूत संबंधों पर आधारित हैं। मंत्रालय ने कहा कि व्यापार और वाणिज्य, विकास साझेदारी, ऊर्जा व जल संसाधन तथा भौतिक और डिजिटल कनेक्टिविटी जैसे विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग ने निरंतर प्रगति की है। इसके साथ ही, स्टार्टअप, प्रौद्योगिकी व नवाचार और खेल जैसे नए व उभरते क्षेत्रों में भी आपसी जुड़ाव तेजी से बढ़ रहा है।

भारतीय विदेश मंत्रालय ने आगे कहा कि यह राजकीय यात्रा दोनों देशों के बीच नियमित उच्च-स्तरीय संवाद और आदान-प्रदान की परंपरा को आगे बढ़ाती है। यह इस बात को भी दर्शाती है कि भारत अपनी नेबरहुड फर्स्ट नीति के तहत नेपाल के साथ अपने संबंधों को कितनी प्राथमिकता देता है। इस दौरे से द्विपक्षीय साझेदारी को और अधिक सुदृढ़ करने तथा पारस्परिक लाभ वाले सहयोग को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का अवसर मिलेगा।

रिलेटेड टॉपिक्स