पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में सक्रिय गंभीर चक्रवाती तूफान अकवान (Akvan) पिछले 6 घंटों में 12 किमी प्रति घंटा की गति से उत्तर की ओर आगे बढ़ा है। आज, 19 नवंबर को सुबह 05.30 बजे यह उसी क्षेत्र में 14.5° उत्तरी अक्षांश और 85.3° पूर्वी देशांतर के करीब स्थित था। मौजूदा समय में यह तूफान आंध्र प्रदेश के नरसापुर (440 किमी पूर्व-दक्षिण-पूर्व) और कलिंगपट्टनम (440 किमी दक्षिण-दक्षिण-पूर्व), ओडिशा के गोपालपुर (530 किमी दक्षिण) और पुरी (590 किमी दक्षिण), तथा तमिलनाडु के चेन्नई से लगभग 580 किमी पूर्व-उत्तर-पूर्व की दूरी पर बना हुआ है।
तूफान के खतरे को देखते हुए भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा के लिए एहतियाती कदम उठाए हैं। रेलवे ने गुरुवार, 19 नवंबर को चलने वाली तीन प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के समय में बदलाव किया है। चारलापल्ली-शालीमार ईस्ट कोस्ट एक्सप्रेस (18046), जिसे सुबह 8.40 बजे रवाना होना था, अब दोपहर 3.40 बजे चलेगी। इसी तरह सिकंदराबाद-हावड़ा फलकनुमा एक्सप्रेस (12704) दोपहर 3.55 बजे के बजाय शाम 5.55 बजे रवाना होगी। इसके अलावा SMVT बेंगलुरु-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस (15227) को भी रात 12.30 बजे की जगह सुबह 8.30 बजे चलाने का फैसला किया गया है।
दूसरी ओर, ओडिशा सरकार इससे निपटने के लिए युद्धस्तर पर तैयारियों में जुटी हैं। ओडिशा के सूचना और जनसंपर्क विभाग (I&PR) के अनुसार, पुरी जिले में राहत और बचाव कार्य तेजी से चल रहा है। आज सुबह 8:30 बजे तक 6,310 लोगों को सुरक्षित पक्के आश्रय स्थलों में पहुंचाया जा चुका है, जबकि अन्य लोगों को निकालने का कार्य निरंतर जारी है।
प्रशासन ने जिले में कुल 47 सुरक्षित आश्रय स्थल चालू किए हैं। हालांकि अभी मुफ्त रसोई (Free Kitchen) शुरू नहीं की गई है, लेकिन सुबह सभी लोगों को सूखा राशन वितरित किया गया है। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए सभी ब्लॉकों में अधिकारियों की नियुक्ति के साथ-साथ सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है, जिनमें ODRAF की 3 टीमें (7 सब-टीमें), NDRF की 2 टीमें और दमकल विभाग (Fire Services) की 13 टीमें शामिल हैं।
इसके अलावा, 25 नवंबर तक संभावित प्रसव तिथि (EDD) वाली 112 गर्भवती महिलाओं में से 76 को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित कर दिया गया है। वर्तमान में जिले का कंट्रोल रूम पूरी तरह सक्रिय है। मौसम की बात करें तो हवा की गति सामान्य है और कहीं-कहीं हल्की बारिश हो रही है। एहतियात के तौर पर सभी स्कूल, कॉलेज, अन्य शिक्षण संस्थान और आंगनवाड़ी केंद्रों (AWC) को 21 नवंबर 2026 तक बंद रखने का आदेश दिया गया है।
गजपति जिले में भी अकवान को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। सुबह 8.00 बजे तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, जिले में 16,863 लोगों को पक्के आश्रय स्थलों में पहुंचाया जा चुका है और अन्य लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने का अभियान निरंतर जारी है। विस्थापित लोगों की सुविधा के लिए जिले में कुल 186 आश्रय स्थल और इतनी ही सामुदायिक रसोई (Free Kitchens) चालू की गई हैं।
इसके अतिरिक्त, राहत सामग्री के रूप में अब तक 92 क्विंटल चूड़ा, 32 क्विंटल गुड़ और 761 पॉलीथीन रोल वितरित किए जा चुके हैं। विशेष एहतियात बरतते हुए, अगले दो हफ्तों में संभावित प्रसव (डिलीवरी) वाली 195 गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित कर दिया गया है।
किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिले में ODRAF की 2 बटालियन और NDRF की 1 टीम तैनात की गई है। साथ ही, 7 ब्लॉकों और 2 शहरी स्थानीय निकायों (ULB) में दमकल विभाग (Fire Services) की 10 टीमें मोर्चा संभाले हुए हैं। वर्तमान में जिले में हल्की हवा चल रही है और सुरक्षा की दृष्टि से सभी स्कूल, कॉलेज, अन्य शिक्षण संस्थान और आंगनवाड़ी केंद्र (AWC) 21 नवंबर 2026 तक बंद रखे गए हैं।