चीन के शेनझेन शहर में चल रहे APEC शिखर सम्मेलन के दौरान 19 नवंबर को एक अनोखा घटनाक्रम देखने को मिला। दुनिया की तीन प्रमुख शक्तियों के नेता अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग पहली बार औपचारिक त्रिपक्षीय बैठक में शामिल हुए। यह बैठक शेनझेन के किलिन विला में आयोजित हुई।
इस बड़ी बैठक से पहले माहौल काफी गर्मजोशी भरा रहा। 18 नवंबर को जब ट्रंप शेनझेन पहुंचे, तो चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने खुद एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने गले मिलकर एक-दूसरे का अभिवादन किया। जानकारी के अनुसार, आज त्रिपक्षीय बैठक से पहले ट्रंप ने पुतिन और शी जिनपिंग के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय बैठकें भी कीं।
त्रिपक्षीय बातचीत के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "मुझे खुशी है कि इस यात्रा ने हमें अमेरिका, रूस और चीन के नेताओं के बीच पहली बार ऐसी त्रिपक्षीय बैठक करने का मौका दिया है। इस लिहाज से और कई अन्य मायनों में भी हम सचमुच इतिहास रच रहे हैं। हम तीनों के पास चर्चा करने के लिए बहुत कुछ है और हम काफी बातचीत कर भी चुके हैं। दुनिया के तीन सबसे बड़े देशों के राष्ट्रपतियों के रूप में हमारी एक विशेष जिम्मेदारी है कि हम ऐसे मुद्दों पर खुली, सम्मानजनक और सार्थक बातचीत बनाए रखें, जिनका असर न केवल हमारे अपने लोगों पर, बल्कि पूरी दुनिया पर पड़ता है।"
ट्रंप ने कहा कि अक्सर ऐसा होता था कि पुराने नेता उन देशों से बात करने से बचते थे, जिनके साथ उनके मतभेद थे। लेकिन हमारा नजरिया बिल्कुल अलग है और हमें पूरा यकीन है कि यही सही रास्ता है। हम मिलकर एक अलग राह चुन रहे हैं। यह ऐतिहासिक शिखर सम्मेलन हमें कई बेहद अहम मुद्दों पर नए अवसर और नए तरीके तलाशने का मौका देता है। यहां मौजूद सभी लोग इन मुद्दों के बारे में जानते हैं। उम्मीद है कि दुनिया की तीन सबसे बड़ी परमाणु शक्तियां होने के नाते हम सभी के लिए एक बेहतर और कहीं अधिक सुरक्षित भविष्य बना पाएंगे।
ट्रंप ने बताया कि अमेरिका, रूस और चीन ऐसी स्थिति में हैं, जहां वे इस बात पर चर्चा कर सकते हैं कि दुनिया में परमाणु हथियारों की संख्या कैसे कम की जाए और इनके इस्तेमाल के खतरे को कैसे घटाया जाए। इनकी ताकत इतनी ज्यादा है कि इसके बारे में सोचना भी मुश्किल है। अपने देशों में हथियारों को कम करने की संभावनाओं पर विचार करने के अलावा, सच कहूं तो ऐसा करना बहुत मुश्किल है, क्योंकि एक बार जब आपके पास परमाणु हथियार आ जाते हैं, तो उन्हें छोड़ना बेहद कठिन हो जाता है।
किसी देश के नेता के लिए इन्हें त्यागना बहुत मुश्किल काम है। यह कहना भी कठिन है, लेकिन जीवन की सच्चाई यही है। आप जानते हैं, आपके पास हजारों हथियार हैं और आपसे कहा जाता है कि आप उन्हें छोड़ दें। वहीं, हमारे अलावा कुछ अन्य देशों के पास भी परमाणु हथियार हैं, भले ही उनकी संख्या कम हो। इसलिए इन हथियारों को छोड़ना कोई आसान काम नहीं है। लेकिन दुनिया के अन्य देशों में परमाणु प्रसार के खतरे से निपटने के लिए हमारा सहयोग करना भी बहुत जरूरी है। हम ईरान के मामले में यही कर रहे हैं। हम ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देंगे।
त्रिपक्षीय बातचीत के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "हम रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध पर चर्चा करने जा रहे हैं। हमने पहले ही इस पर बात कर ली है। राष्ट्रपति पुतिन और मैंने आज काफी देर तक चर्चा की है। हमारी बातचीत मुख्य रूप से इसी विषय पर थी। मुझे लगता है कि चीजें आगे बढ़ रही हैं। मुझे और उन्हें, दोनों को उम्मीद है कि दूसरा पक्ष भी इस युद्ध को खत्म करना चाहेगा।"
उन्होंने कहा कि, "हमारे बीच सहयोग के एक और संभावित क्षेत्र में मैं अपने देश की संप्रभुता को इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट जैसे मनमाने वैश्विक संगठनों से बचाने के उपाय सुझाऊंगा। यह संगठन अब बेकाबू हो गया है और मेरा मानना है कि हम सभी इस बात से सहमत हैं कि यह अपने अधिकार क्षेत्र से बहुत दूर भटक गया है।"
वहीं पुतिन ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा बनाए रखने की संयुक्त जिम्मेदारी रूस, अमेरिका और चीन की है, क्योंकि द्वितीय विश्व युद्ध में हमारे देश ही विजेता रहे थे। द्विपक्षीय बैठक के बारे में बात करते हुए, पुतिन ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप के साथ हुई बैठक में उन्होंने "यूक्रेन में चल रहे युद्ध पर काफी ध्यान दिया।"