शिकागो में राहुल गांधी के बयानों पर विवाद, भारत-पाक रिश्तों, लोकतंत्र पर टिप्पणी के बाद भाजपा का पलटवार

भारतीय लोकतंत्र और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवालों पर राहुल गांधी ने कहा कि हमारे लिए भारतीय लोकतंत्र पवित्र है। उन्होंने कहा कि जब तक मेरे पास 100 प्रतिशत सबूत न हों, मेरे लिए यह कहना भी मुश्किल है कि भारतीय लोकतंत्र में कोई समस्या है। यदि हम यह कह दें कि हम चुनावों में हिस्सा नहीं लेंगे, तो भारतीय लोकतंत्र उसी पल खत्म हो जाएगा और हम इसके ढांचे को नष्ट नहीं करना चाहते।

शिकागो में राहुल गांधी के बयानों पर विवाद, भारत-पाक रिश्तों, लोकतंत्र पर टिप्पणी के बाद भाजपा का पलटवार

राहुल ने शिकागो दौरे के दौरान भारत-पाकिस्तान संबंधों और विदेश नीति को लेकर अपनी बात रखी।

Share:

Highlights

  • राहुल गांधी ने कहा की पाकिस्तान से बातचीत तभी संभव है, जब भारत में आतंकवाद को समर्थन देना बंद हो।
  • भारत को अंतरराष्ट्रीय मामलों में साइड प्लेयर बताकर राहुल ने विदेश नीति पर सवाल उठाए।
  • भाजपा नेता सी.आर. केशवन ने राहुल पर विदेश में भारत की छवि खराब करने का आरोप लगाया।

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अमेरिका के शिकागो दौरे के दौरान भारत-पाकिस्तान संबंधों और देश की विदेश नीति को लेकर अपनी बात रखी। 18 नवंबर को शिकागो यूनिवर्सिटी में छात्रों और शिक्षकों के साथ बातचीत के दौरान एक पाकिस्तानी छात्र ने उनसे सवाल किया कि क्या भारत और पाकिस्तान आपसी आरोप-प्रत्यारोप से आगे बढ़कर आपसी फायदे के लिए मिलकर काम नहीं कर सकते? 

इस पर राहुल गांधी ने स्पष्ट कहा कि सहयोग की गुंजाइश तो है, लेकिन सबसे बड़ी बाधा पाकिस्तान द्वारा भारत में आतंकवाद को दिया जा रहा समर्थन और बढ़ावा है, जो बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत के लिए यह स्थिति नामुमकिन है कि एक तरफ हमारे बेगुनाह नागरिक मारे जाते रहें और दूसरी तरफ हम पाकिस्तान से बातचीत करें। इसलिए, जैसे ही आतंकवाद को यह समर्थन बंद होगा, दोनों देशों के बीच बातचीत की संभावना बन सकती है।

इस बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने भारत की विदेश नीति पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भारत जैसे बड़े देश को अंतरराष्ट्रीय मामलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए, लेकिन वर्तमान स्थिति में भारत महज एक साइड प्लेयर बनकर रह गया है। इस मुद्दे पर हैरानी जताते हुए उन्होंने कहा कि मुझे काफी आश्चर्य है कि पाकिस्तान, अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थता कराने में लगा हुआ है, जबकि भारत बस तमाशा देख रहा है। हमारा स्तर पाकिस्तान से पूरी तरह अलग है और हमारे सभी पक्षों के साथ मजबूत संबंध हैं।

भारतीय लोकतंत्र और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवालों पर राहुल गांधी ने कहा कि हमारे लिए भारतीय लोकतंत्र पवित्र है। उन्होंने कहा कि जब तक मेरे पास 100 प्रतिशत सबूत न हों, मेरे लिए यह कहना भी मुश्किल है कि भारतीय लोकतंत्र में कोई समस्या है। यदि हम यह कह दें कि हम चुनावों में हिस्सा नहीं लेंगे, तो भारतीय लोकतंत्र उसी पल खत्म हो जाएगा और हम इसके ढांचे को नष्ट नहीं करना चाहते। इसलिए, हमारी रणनीति यह है कि जो कुछ भी हो रहा है उसे जनता के सामने लाया जाए और इस पर संवाद जारी रखा जाए, ताकि लोगों को खुद यह एहसास हो जाए कि पूरी व्यवस्था किस तरह चरमरा गई है।

चुनाव बहिष्कार न करने के कारणों को स्पष्ट करते हुए उन्होंने आगे कहा कि हम चुनावी ढांचे को तोड़ना नहीं चाहते। अगर विपक्ष चुनाव न लड़ने की घोषणा कर दे, तो जनता की नज़र में पूरी चुनावी प्रक्रिया ही अवैध हो जाएगी  और हम ऐसा नहीं चाहते। भले ही इसकी वजह से हमें और पूरे विपक्ष को भारी नुकसान उठाना पड़ा है, लेकिन हम जानबूझकर ऐसा कोई कदम नहीं उठा रहे हैं।

चुनाव आयोग का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने बड़ा दावा किया और कहा कि मैं आपसे बिल्कुल साफ तौर पर कह रहा हूँ कि हमें खुद चुनाव आयोग के भीतर से ही जानकारियां मिल रही हैं। अब बस कुछ ही समय की बात है जब यह पूरा ढांचा ढह जाएगा। आयोग के वरिष्ठ अधिकारी भी अब यह कहने लगे हैं कि 'देखिए, हम अब इस तरह से और आगे नहीं बढ़ सकते।' यह सफर लंबा जरूर रहा है, लेकिन एक भारतीय होने के नाते यही हमारी मूल क्षमता है।

वहीं, X पर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की त्रिपक्षीय वार्ता की एक तस्वीर साझा करते हुए राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, "अगर कांग्रेस सत्ता में होती, तो भारत का प्रधानमंत्री इस मेज पर बैठा होता। कोई समझौतावादी (कम्प्रोमाइज्ड) प्रधानमंत्री कभी इस मेज पर नहीं बैठ सकता।"

राहुल गांधी के इस बयान के बाद अब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई है। भारत को अंतरराष्ट्रीय मामलों में साइड प्लेयर बताए जाने पर पलटवार करते हुए भाजपा नेता तरुण चुघ ने कांग्रेस और गांधी-नेहरू परिवार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सिर्फ वोट बैंक की राजनीति के लिए पाकिस्तान की तारीफ की जा रही है। आखिर गांधी-नेहरू परिवार और कांग्रेस का पाकिस्तान से क्या संबंध है जो वे बार-बार उसका बचाव और महिमामंडन करते हैं?

कांग्रेस पर हमला जारी रखते हुए तरुण चुघ ने आगे कहा, "ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सशस्त्र बलों का मनोबल तोड़ने के लिए राहुल गांधी ने पाकिस्तानी सेना के PRO की भूमिका निभाई। कांग्रेस के नेता एक पाकिस्तानी आतंकवादी कसाब को बचाने के लिए आधी रात को अदालत तक पहुंच गए थे और हाफिज सईद जैसे ग्लोबल टेररिस्ट को हाफिज साहब कहकर संबोधित किया गया।" 

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एक आतंकवादी की मौत पर कांग्रेस की आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया था कि सोनिया गांधी पूरी रात रोती रहीं। चुघ ने कहा कि कांग्रेस और गांधी-नेहरू परिवार से जुड़े ऐसे किस्से और संबंध बेहद दुर्भाग्यपूर्ण तथा संदिग्ध हैं।

वहीं भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सी.आर. केशवन ने कहा, "विदेश में बैठकर, हमारे देश को एक साइड प्लेयर बताकर उसे बदनाम करना और भारत की अंतरराष्ट्रीय छवि को खराब करने की दुर्भावनापूर्ण कोशिश करना, बेहद निंदनीय और अक्षम्य है। विपक्ष के नेता राहुल गांधी पाकिस्तान के चीयरलीडर और बेशर्म प्रचारक की तरह नजर आते हैं। उनके गैर-जिम्मेदाराना बयान यह उजागर करते हैं कि भू-राजनीति (geopolitics) के मामले में राहुल गांधी को कितनी कम समझ है।"

रिलेटेड टॉपिक्स