अंतरिम जमानत के बाद रामपुर पहुंचे आजम खान, चुनाव आयोग और जांच एजेंसियों पर उठाए सवाल

जेल की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें और उनके बेटे को 11x7 फुट की कोठरी में रखा जाता था। उनके मुताबिक, जेल में खराब खाना दिया जाता था और उनके मानवाधिकारों का उल्लंघन हुआ। उन्होंने बताया कि जेल जाने के समय उनका वजन 98 किलो था, जो अब घटकर 70 किलो रह गया है। आजम खान ने कहा कि अगर भविष्य में उन्हें मौका मिला, तो वे जेल व्यवस्था में बड़े बदलाव करेंगे।

अंतरिम जमानत के बाद रामपुर पहुंचे आजम खान, चुनाव आयोग और जांच एजेंसियों पर उठाए सवाल

मीडिया से बातचीत के दौरान आजम खान ने कई मुद्दों पर अपनी राय रखी।

Share:

Highlights

  • आजम खान का आरोप है की चुनाव आयोग की कार्यशैली देश में चुनावों की निष्पक्षता पर सवालिया निशान लगा रही है।
  • आजम खान ने जेल में खराब गुणवत्ता वाले भोजन, मारपीट और मानवाधिकारों के उल्लंघन का आरोप लगाया।
  • आजम खान ने ED, आयकर विभाग, CBI और विकास प्राधिकरण पर आम लोगों को परेशान करने का आरोप लगाया।

मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अंतरिम जमानत मिलने के बाद समाजवादी पार्टी (SP) के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आजम खान रामपुर पहुंचे। यहां मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने चुनाव आयोग, केंद्रीय जांच एजेंसियों, जेल प्रशासन और INDIA गठबंधन को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। साथ ही 2027 के विधानसभा चुनाव और अपनी राजनीतिक भूमिका पर भी बात की।

आजम खान ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सभी संवैधानिक संस्थाओं को अपनी गरिमा बनाए रखनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग के कामकाज के कारण देश में चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं। इसका सबसे ज्यादा नुकसान उन्हें और उनकी पार्टी को हुआ है।

INDIA गठबंधन से नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि रामपुर में चुनाव के दौरान हुई कथित धांधली पर गठबंधन के नेताओं ने आवाज नहीं उठाई। उनका आरोप है कि उस समय पुलिस और PAC की मदद से लोगों को मतदान करने से रोका गया था। आजम खान ने कहा कि अगर गठबंधन ने उस समय इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया होता, तो कुंदरकी, हरियाणा और बंगाल जैसे मामलों में भी स्थिति अलग हो सकती थी।

केंद्रीय एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा, "चुनाव आयोग ने वैश्विक स्तर पर देश की भारी बदनामी कराई है। इसके अलावा ED, आयकर विभाग, विकास प्राधिकरण और CBI जैसी संस्थाओं ने भी आम जनता को गहरे संकट और परेशानी में डाल दिया है।"

मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का करीब 90 प्रतिशत निर्माण 2004 से 2006 के बीच पूरा हो गया था। उस समय निर्माण की लागत 120 से 125 रुपये प्रति वर्ग फुट थी और कई लोग स्वेच्छा से काम करते थे। लेकिन आयकर विभाग ने आज की CPWD दरों के हिसाब से इसका मूल्यांकन किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय के खिलाफ बुलडोजर की कार्रवाई की कोशिश भी की गई।

आजम खान ने कहा कि अगर सर सैयद अहमद खान और पंडित मदन मोहन मालवीय के समय में भी ऐसी संस्थाएं होतीं, तो शायद उन्हें भी AMU और BHU बनाने के लिए परेशान किया जाता। आजम खान ने अपने और परिवार के साथ हुए व्यवहार पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें पहले पता होता कि विश्वविद्यालय बनाने की इतनी बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी, तो वे यह काम नहीं करते। उन्होंने अपने बेटे के साथ जेल में बिताए समय का जिक्र करते हुए कहा कि परिवार को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

उन्होंने ED और पुलिसकर्मियों पर बदसलूकी और मारपीट का आरोप भी लगाया। आजम खान ने कहा कि उन पर मुर्गियां, बकरियां, भैंस और फर्नीचर चोरी करवाने जैसे मामले दर्ज किए गए। उन्होंने बताया कि एक मामले में उन्हें 21 साल की जेल और 36 लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई है।

जेल की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें और उनके बेटे को 11x7 फुट की कोठरी में रखा जाता था। उनके मुताबिक, जेल में खराब खाना दिया जाता था और उनके मानवाधिकारों का उल्लंघन हुआ। उन्होंने बताया कि जेल जाने के समय उनका वजन 98 किलो था, जो अब घटकर 70 किलो रह गया है। आजम खान ने कहा कि अगर भविष्य में उन्हें मौका मिला, तो वे जेल व्यवस्था में बड़े बदलाव करेंगे।

रामपुर विकास प्राधिकरण (RDA) के खिलाफ चल रहे मुकदमे पर आजम खान ने कहा कि उनका मन है कि वे अपना केस वापस ले लें। उन्होंने कहा कि अगर विश्वविद्यालय की इमारतों को गिराना ही है, तो बुलडोजर लाकर सभी इमारतें गिरा दी जाएं, ताकि दुनिया देख सके कि एक मुसलमान द्वारा बनाया गया शिक्षा संस्थान किस तरह तोड़ा जा रहा है।

AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए आजम खान ने कहा कि ओवैसी बैरिस्टर हैं, मौलाना नहीं। उन्होंने कहा कि सिर्फ दाढ़ी रखने से कोई मौलाना नहीं बन जाता। साथ ही कहा कि अगर ओवैसी उनका हाल जानना चाहते थे, तो उनकी पत्नी को फोन कर सकते थे या खुद मिलने आ सकते थे। उन्होंने हैदराबादी बिरयानी को लेकर भी तंज कसा और कहा कि उनके इलाके में पुलाव और मटन बिरयानी ज्यादा पसंद की जाती है।

आगामी राजनीति पर अपना दृष्टिकोण रखते हुए उन्होंने कहा, "अब हालात तेजी से बदल रहे हैं और भविष्य के चुनाव धर्म या जाति के आधार पर नहीं लड़े जाएंगे। जनता समझ चुकी है कि धर्म का प्रतिनिधित्व करने का दावा करने वाले लोग ही असल में अपने धर्म को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा रहे हैं। कल अखिलेश यादव की रैली के बाद कुछ और कहने की जरूरत नहीं रह जाती। हमारी पार्टी युवाओं, किसानों, महिलाओं और छात्रों के लिए भाईचारे व सकारात्मक माहौल का कार्यक्रम लेकर आई है, जबकि दूसरी तरफ से सिर्फ नफरत का एजेंडा चलाया जा रहा है।"

2027 के विधानसभा चुनाव में INDIA गठबंधन के सीट बंटवारे को लेकर आजम खान ने कांग्रेस के साथ समझौते की इच्छा जताई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के मौजूदा नेताओं के साथ उनके अच्छे संबंध हैं और मौजूदा नेतृत्व पहले के नेतृत्व से अलग है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी सम्मानजनक समझौता और सीटों का उचित बंटवारा चाहती है। इसके लिए अगर उनकी पार्टी को कुछ और सीटों का त्याग करना पड़े, तो वे इसके लिए भी तैयार हैं।

रिलेटेड टॉपिक्स
Most Popular