मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क से एक और अच्छी खबर आई है। यहाँ, भारत में जन्मी मादा चीता KJP21 ने पांच शावकों को जन्म दिया है। इसकी कुछ तस्वीरें और एक वीडियो X पर शेयर करते हुए केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने लिखा, "प्रोजेक्ट चीता के लिए एक और ऐतिहासिक और खुशी का मौका! KJP21, जो भारत में जन्मी 32 महीने की मादा चीता है, ने आज कूनो नेशनल पार्क में पांच स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है। मुखी और KGP12 के बाद, KJP21 भारत में जन्मी तीसरी मादा चीता है जिसने बच्चों को जन्म दिया है। यह भारत में चीता आबादी की अगली पीढ़ी के आने की दिशा में एक अहम पड़ाव है। इन पांच शावकों के आने के साथ, भारत में चीतों की कुल संख्या 60 हो गई है, जिसमें भारत में जन्मे 41 चीते शामिल हैं।"
उन्होंने आगे लिखा, "खास बात यह है कि ये शावक भारत में बोत्सवाना मूल की वंशावली की शुरुआत भी करते हैं, क्योंकि इनके पिता बोत्सवाना के नर चीता हैं। इससे भारत की बढ़ती चीता आबादी में एक नई जेनेटिक वंशावली जुड़ रही है। भारतीय धरती पर एक और पीढ़ी का जन्म हुआ है, जो भारत में चीतों को फिर से बसाने की शानदार कहानी में एक और खूबसूरत अध्याय जोड़ रहा है। प्रोजेक्ट चीता से जुड़े पशु चिकित्सकों, फील्ड स्टाफ, मैनेजरों और सभी लोगों को दिल से बधाई, जिनकी लगन, प्रतिबद्धता और अथक प्रयासों से ये पल मुमकिन हो पाए हैं। नन्हे मेहमानों, दुनिया में आपका स्वागत है।"
वहीं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी X पर खुशी जाहिर करते हुए लिखा कि यह प्रोजेक्ट चीता के लिए एक और गर्व का पल है। उन्होंने बताया कि भारत में जन्मी मादा चीता KJP21 ने कूनो नेशनल पार्क में पांच स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है, जिससे भारत में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 60 हो गई है और इसमें भारत की धरती पर जन्मे 41 चीते शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने पूरे प्रोजेक्ट चीता और कूनो टीम को इस सफलता पर बधाई दी तथा इसे भारत की चीता आबादी को फिर से बसाने और वन्यजीव संरक्षण को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।