मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के मंत्रिमंडल का हुआ विस्तार, 35 नेताओं ने ली मंत्री पद की शपथ

2026 के विधानसभा चुनावों में भाजपा ने 294 में से 207 सीटें जीतकर एकतरफा जीत हासिल की थी। बाद में फलता विधानसभा सीट पर हुई रिपोलिंग में भी भाजपा के देबांशु पांडा ने एक लाख से अधिक मतों से विजय हासिल की, जिससे ये आंकड़ा 208 तक पहुंच चुका है।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के मंत्रिमंडल का हुआ विस्तार, 35 नेताओं ने ली मंत्री पद की शपथ

शपथ ग्रहण समारोह में स्वयं मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी उपस्थित थे।

Share:

Highlights

  • दीपक बर्मन, डॉ. स्वपन दासगुप्ता और अर्जुन सिंह समेत 13 नेताओं ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली।
  • मालती रावा रॉय, राजेश महतो और डॉ. इंद्रनील खान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में मंत्रिमंडल में शामिल हुए।
  • अशोक डिंडा, पूर्णिमा चक्रवर्ती और विशाल लामा समेत 19 नेताओं ने राज्य मंत्री की शपथ ली।

पश्चिम बंगाल के लिए 1 जून का दिन काफी विशेष रहा। राज्य में भाजपा की ऐतिहासिक जीत और सरकार गठन के लगभग 22 दिनों के बाद आज प्रदेश में मंत्रिमंडल का विस्तार हो चुका है। दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, क्षुदिराम टुडू और निशीथ प्रमाणिक पहले ही शपथ ग्रहण कर चुके हैं। आज 35 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली, जिससे मंत्रिमंडल में मंत्रियों की संख्या 41 हो चुकी है। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आर. एन. रवि ने कोलकाता के लोक भवन में, एक गरिमामय समारोह में सभी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ लेने वालों में नेताओं में अर्जुन सिंह, डॉ. शंकर घोष, गौरी शंकर घोष, तापस रॉय, दीपक बर्मन, मनोज कुमार उरांव, जगन्नाथ चट्टोपाध्याय, डॉ. स्वपन दासगुप्ता, अनूप कुमार दास, डॉ. शरदवत मुखर्जी, डॉ. कल्याण चक्रवर्ती, दूध कुमार मंडल और अजय पोद्दार ने कैबिनेट मंत्री की शपथ ली।

वहीं मालती रावा रॉय, राजेश महतो और डॉ. इंद्रनील खान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में मंत्रिमंडल में शामिल हुए। इनके अतिरिक्त पूर्व क्रिकेटर अशोक डिंडा, आनंदमय बर्मन, जोएल मुर्मू, पूर्णिमा चक्रवर्ती, हरे कृष्ण बेरा, शांतनु प्रमाणिक, नादियार चंद बाउरी, विशाल लामा, मौमिता विश्वास मिश्रा, उमेश राय, कौशिक चौधरी, भास्कर भट्टाचार्य, दिबाकर घरामी, अमिया किस्कू, कलिता माझी, गार्गी दास घोष, बिराज विश्वास, दीपंकर जना और सुमना सरकार ने राज्य मंत्री की शपथ ली। इस शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, अग्निमित्रा पॉल, केंद्रीय राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और पश्चिम बंगाल के प्रभारी सुनील बंसल समेत कई अन्य लोग भी उपस्थित थे।

शपथ लेने वालों में कई नाम ऐसे भी थे, जो पहले TMC का हिस्सा थे और बाद में वो भाजपा में शामिल हुए। 2026 के विधानसभा चुनावों में भाजपा ने 294 में से 207 सीटें जीतकर एकतरफा जीत हासिल की थी। बाद में फलता विधानसभा सीट पर हुई रिपोलिंग में भी भाजपा के देबांशु पांडा ने एक लाख से अधिक मतों से विजय हासिल की, जिससे ये आंकड़ा 208 तक पहुंच चुका है। वहीं TMC सिर्फ 80 सीटों पर ही सिमट कर रह गई। पदभार संभालने के बाद से ही शुभेंदु अधिकारी एक्शन मोड में है और पश्चिम बंगाल एवं राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े कई जरूरी मुद्दों पर ताबड़तोड़ फैसले भी ले चुके हैं।

रिलेटेड टॉपिक्स