इंदौर से ताल्लुक रखने वाले मशहूर स्टैंड-अप कॉमेडियन जाकिर खान अपने अलग अंदाज और बेबाक बातों के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में उन्होंने एक अवॉर्ड शो में ऐसा कुछ कह दिया, जिसकी चर्चा काफी जगहों पर हो रही है। जाकिर ने बॉलीवुड पर चुटकी लेते हुए धुरंधर: द रिवेंज की सफलता और उस पर इंडस्ट्री के रिएक्शन को लेकर रोस्ट किया है। आदित्य धर के निर्देशन में बनीं इस फिल्म ने बॉक्स-ऑफिस पर तहलका मचा दिया है। पुष्पा 2 के बाद, रणवीर सिंह की ये फिल्म भारत में सबसे तेजी से 1,000 करोड़ रूपए की नेट कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। फिल्म की वर्ल्डवाइड कमाई भी 1500 करोड़ रूपए से ऊपर निकल चुकी है।
इसी कामयाबी पर जाकिर ने चेतक स्क्रीन अवॉर्ड्स 2026 के मंच से कहा कि भले ही बॉलीवुड के लोग ऊपर से इस फिल्म की तारीफ कर रहे हैं, लेकिन अंदर ही अंदर सब जल रहे हैं। जाकिर ने अपने अंदाज में कहा कि, "कितनी ही बधाई वाली पोस्ट आप डाल दें, कितनी ही स्टोरी डाल दें, कितने ही इंटरव्यू में बोल दें कि माय फेवरेट फिल्म, मगर सच तो ये है कि धुरंधर से सबकी जली तो है।" उन्होंने आगे कहा, "बम फिल्म में फूटे ल्यारी में, पर धुआं उठा बांद्रा से जुहू में।" उनकी इस बात के बाद वहां मौजूद दर्शक अपनी हंसी नहीं रोक पाए।
बता दें कि इस फिल्म की रिलीज और सफलता के बाद बॉलीवुड के कई बड़े नामों ने लंबे समय तक चुप्पी साधी हुई थी। वहीं तेलुगू इंडस्ट्री के सुपरस्टार्स जैसे अल्लू अर्जुन, राम चरण, एनटीआर जूनियर, महेश बाबू, विजय देवराकोंडा और एसएस राजामौली ने इस फिल्म की खुले दिल से तारीफ की थी। लेजेंड्री एक्टर रजनीकांत ने भी X पर एक ट्वीट किया था, जिसमें उन्होंने इसे हर भारतीय के लिए जरूर देखने लायक फिल्म बताया था। रिलीज के काफी बाद बॉलीवुड के दिग्गजों द्वारा धुरंधर: द रिवेंज की तारीफ की गई। जाकिर खान का ये रोस्ट बॉलीवुड की इसी लेटलतीफी पर एक कटाक्ष था।