भारतीय फिल्म निर्देशक और निर्माता विवेक अग्निहोत्री ने अपनी अगली बड़ी फिल्म की घोषणा कर दी है। यह फिल्म "ऑपरेशन सिंदूर" पर आधारित होगी और इसे टी-सीरीज के मालिक भूषण कुमार के साथ मिलकर बनाया जाएगा। विवेक अग्निहोत्री, जो "द कश्मीर फाइल्स" और "द ताशकंद फाइल्स" जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं, एक बार फिर एक गंभीर और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दे को बड़े पर्दे पर लाने की तैयारी कर रहे हैं। यह फिल्म पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई पर आधारित होगी। इस फिल्म की सबसे खास बात यह है कि यह लेफ्टिनेंट जनरल कंवल जीत सिंह ढिल्लों (रिटायर्ड) की किताब "Operation Sindoor: The Untold Story of India’s Deep Strikes Inside Pakistan" पर आधारित है।
विवेक अग्निहोत्री ने सोशल मीडिया पर इसकी घोषणा करते हुए लिखा, "इसका मकसद शोर मचाना नहीं, बल्कि तथ्यों, स्पष्टता और सिनेमा के जादू के साथ उस शोर का सामना करना है।" उन्होंने यह भी साझा किया कि इस प्रोजेक्ट के लिए भारतीय सेना की विभिन्न विंग्स के साथ मिलकर जमीनी स्तर पर काफी रिसर्च की गई है। विवेक अग्निहोत्री का कहना है कि ऑपरेशन सिंदूर ने उपमहाद्वीप में सुरक्षा की परिभाषा बदल दी और पड़ोसी देश के परमाणु झांसे का पर्दाफाश किया। फिलहाल फिल्म की स्टार कास्ट और रिलीज डेट को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन उम्मीद है कि जल्द ही बड़े नामों का ऐलान होगा।
हालांकि, उनकी इस घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। कोई उन्हें इस प्रोजेक्ट के लिए शुभकामनाएं दे रहा है, तो किसी यूजर ने लिखा कि, "एक फिल्ममेकर के तौर पर मैं आपकी बहुत इज्जत करता हूं, लेकिन यह जॉनर आदित्य धर का है।" आदित्य धर इस वक्त "धुरंधर" के दोनों पार्ट्स की अपार सफलता के बाद हर तरफ छाए हुए हैं। वहीं, किसी ने लिखा कि वह इस फिल्म को प्रोड्यूस क्यों नहीं कर देते और आदित्य धर को इसे डायरेक्ट करने क्यों नहीं देते? उनकी कहानी कहने का अंदाज ज्यादातर डॉक्यूमेंट्री जैसा और बोरिंग होता है।
इसके अलावा एक व्यक्ति ने कहा, "कृपया दूसरों को एक्शन फिल्म बनाते देखकर आप भी वैसी ही फिल्में बनाने न लगें। कृपया अपने ही अंदाज में कहानी कहने और निर्देशन के तरीके को और बेहतर बनाने पर ध्यान दें। 'द कश्मीर फाइल्स' इसलिए चली, क्योंकि आप उस जॉनर को छूने वाले पहले व्यक्ति थे, न कि इसलिए कि आपका निर्देशन बहुत ही उम्दा था। वह इससे कहीं ज्यादा बेहतर हो सकती थी।" वैसे, यह भी सच है कि उनके अब तक के करियर में द कश्मीर फाइल्स और द ताशकंद फाइल्स ही कमर्शियल रूप से सफल रही हैं। अन्य फिल्में बॉक्स ऑफिस पर औसत या असफल ही रही हैं। अब देखना होगा कि वह अपने आगामी प्रोजेक्ट में इंडियन आर्म्ड फोर्सेज के पराक्रम और ऑपरेशन सिंदूर को किस तरह से थिएटर्स में सबके सामने लाते हैं।