साउथ सुपरस्टार यश की फिल्म "टॉक्सिक" का इंतजार कर रहे फैंस के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। यश ने खुद सोशल मीडिया पर जानकारी दी है कि उनकी यह बहुप्रतीक्षित फिल्म अब 19 मार्च को रिलीज नहीं होगी। मेकर्स ने फिल्म की रिलीज को आगे बढ़ाने का फैसला किया है और अब यह फिल्म 4 जून को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फिल्म के मेकर्स और खुद यश ने इस फैसले के पीछे की असली वजह बताई है। उनका कहना है कि टॉक्सिक को एक ग्लोबल ऑडियंस के लिए बनाया गया है। इसमें कोई शक नहीं है कि मिडिल ईस्ट में लगातार बिगड़ते हालातों के कारण वहां के सिनेमाघरों पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ा है।
मेकर्स का भी मानना है कि इस अनिश्चितता के माहौल में फिल्म को रिलीज करना सही नहीं होगा, क्योंकि वे चाहते हैं कि यह फिल्म ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचे। जैसे ही रिलीज टलने की खबर आई, सोशल मीडिया पर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। कई लोग यश के इस फैसले की तारीफ कर रहे हैं। कुछ फैंस ने लिखा है कि युद्ध के हालातों को देखते हुए यह एक समझदारी भरा फैसला है। हालांकि, इंटरनेट का एक हिस्सा इस फैसले को दूसरे नजरिए से भी देख रहा है।
दरअसल, 19 मार्च को रणवीर सिंह की फिल्म "धुरंधर: द रिवेंज" भी रिलीज होने वाली है। अब जब टॉक्सिक हट गई है, तो इसे बॉक्स ऑफिस पर अकेले रिलीज होने का बड़ा फायदा मिलेगा। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स मजे लेते हुए कह रहे हैं कि शायद यश की टीम इसके साथ होने वाले बड़े क्लैश से बचना चाहती थी। इस बदलाव के बाद अब रणवीर सिंह की फिल्म के लिए रास्ता साफ हो गया है। माना जा रहा है कि धुरंधर: द रिवेंज को इससे करोड़ों का फायदा हो सकता है। वहीं यश की फिल्म अब जून में रिलीज होगी, जिससे फैंस को थोड़ा और लंबा इंतजार करना पड़ेगा। टॉक्सिक में यश के साथ नयनतारा, कियारा आडवाणी, रुक्मिणी वसंत, हुमा कुरैशी और तारा सुतारिया जैसे बड़े नाम भी नजर आएंगे।