डायरेक्टर आदित्य धर और अभिनेता रणवीर सिंह की जोड़ी ने वो कर दिखाया है जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं होगी। फिल्म "धुरंधर: द रिवेंज" अपनी रिलीज के पहले ही दिन से कमाल दिखा रही है और अब छठें दिन के खत्म होते ये फिल्म इतिहास रचने के बहुत करीब पहुंच गई है। ताजा जानकारी के मुताबिक, ये फिल्म आज यानी अपने पहले बुधवार को 1,000 करोड़ रूपए का आंकड़ा छूने वाली है। फिल्म ने मंगलवार को करीब 56 करोड़ रूपए का कलेक्शन किया था। अब तक भारत में इस फिल्म की कुल नेट कमाई 575 करोड़ रूपए से ज्यादा की हो चुकी है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 687 करोड़ रूपए के पार है। दुनियाभर की बात करें तो इस फिल्म ने तहलका ही मचा दिया है।
वर्ल्डवाइड बॉक्स-ऑफिस पर इस फिल्म ने अब तक 919 करोड़ रूपए कमा लिए हैं। इसी के साथ ये फिल्म रणबीर कपूर की फिल्म "एनिमल" के लाइफटाइम कलेक्शन को भी पीछे छोड़ चुकी है। एनिमल का लाइफटाइम कलेक्शन लगभग 917 करोड़ रूपए था। आज फिल्म का 7वां दिन है और माना जा रहा है कि आज ये 1,000 करोड़ क्लब में शामिल हो जाएगी। अगर ऐसा होता है, तो ये फिल्म भारतीय सिनेमा की सबसे तेज कमाई करने वाली फिल्मों में से एक बन जाएगी। इसके अलावा "धुरंधर: द रिवेंज" की नजर अब तक के सबसे बड़े फर्स्ट वेडनेसडे कलेक्शन के रिकॉर्ड पर भी है।
उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक के बाद आदित्य धर ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वो एक्शन और थ्रिलर के मास्टर है। जसकीरत सिंह रांगी और उसके गुप्त अवतार हमजा अली मजारी के किरदारों में रणवीर सिंह की एक्टिंग को दर्शक खूब पसंद कर रहे हैं। आर. माधवन, अर्जुन रामपाल और संजय दत्त जैसे बड़े कलाकारों की मौजूदगी ने इस फिल्म को और भी भव्य बना दिया है। राकेश बेदी ने तो जमील जमाली के किरदार में ऐसा अभिनय किया है, जिसे बहुत लम्बे वक्त तक याद रखा जाएगा। सारा अर्जुन ने भी दोनों फिल्मों में अच्छा काम किया है। हालांकि यहां एक और अभिनेता की बात होनी चाहिए और वो हैं गौरव गेरा। गौरव ने फिल्म में हमजा के हैंडलर मोहम्मद आलम के रूप में शानदार काम किया है।
आलम का रोल निभाने के बाद उन्हें दर्शकों से जबरदस्त सराहना मिली है और उनके इसी किरदार को लेकर एक स्पिन-ऑफ सीरीज की मांग भी की जा रही है। फिल्म में उनके द्वारा बोली गई लाइन, "डार्लिंग-डार्लिंग दिल क्यों तोड़ा? पीलो-पीलो आलम दूध-सोड़ा!" भी काफी वायरल हो चुकी है। इस फिल्म के सारे गाने भी लाजवाब हैं। लेकिन जिस तरह धुरंधर के पहले भाग में "FA9LA" फेमस हो गया था, उसी तरह इस पार्ट में "Didi" गाना भी मशहूर हो गया है। दोनों पार्ट्स की सफलता का श्रेय कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा को भी मिलना चाहिए, जिन्होंने इतनी परफेक्ट कास्टिंग की। ये फिल्म न केवल कमाई के मामले में अपने पिछले भाग को पीछे छोड़ सकती है, बल्कि आने वाले वक्त में इसकी टक्कर बाहुबली 2: द कन्क्लूजन और पुष्पा 2: द रूल जैसी फिल्मों से हो सकती है।