कार्तिक का महीना बड़े त्योहारों और दीपदान के लिए जाना जाता है। इस महीने का एक और प्रमुख पर्व है देवउठनी ग्यारस। यह कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि को मनाई जाती है। मान्यता है कि इस दिन जगत के पालनहार श्रीहरि विष्णु अपनी योगनिद्रा से जागते हैं और सृष्टि का कार्यभार पुनः संभालते हैं। इसी के साथ चातुर्मास समाप्त होता है और मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है। देवउठनी एकादशी को देवोत्थान एकादशी और प्रबोधिनी एकादशी के नाम से भी जाना जाता है।
इस दिन भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की विशेष पूजा की जाती है। साथ ही यह दिन तुलसी पूजन के लिए भी महत्वपूर्ण माना जाता है। मान्यता है कि तुलसी पूजन करने से भगवान विष्णु की विशेष कृपा प्राप्त होती है। इस दिन भगवान विष्णु के शालिग्राम स्वरूप का माता तुलसी के साथ विवाह कराया जाता है। तुलसी के पौधे को दुल्हन की तरह और शालिग्राम को दूल्हे के रूप में सजाया जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, तुलसी विवाह कराने से दांपत्य जीवन में मधुरता आती है और घर में सुख-समृद्धि बढ़ती है।
तुलसी विवाह के दौरान विवाह की सभी रस्में और पारंपरिक रीति-रिवाज पूरे किए जाते हैं। शास्त्रों के अनुसार, तुलसी विवाह सायंकाल यानी गोधूलि बेला में करना शुभ माना जाता है। मान्यता है कि तुलसी विवाह करवाने से कन्यादान के समान पुण्य प्राप्त होता है। इस दिन घरों और मंदिरों में गन्ने का मंडप सजाया जाता है तथा भगवान को बेर, आंवला, सिंघाड़ा, शकरकंद और चने की भाजी जैसे मौसमी फल एवं सब्जियों का भोग लगाया जाता है।
पौराणिक कथा के अनुसार, भगवान विष्णु ने शंखासुर नामक राक्षस का वध करने के बाद क्षीरसागर में चार माह की योगनिद्रा ली थी। इस कारण संसार के सभी मांगलिक कार्य रुक गए थे। देवशयनी एकादशी से देवउठनी एकादशी तक के समय को चातुर्मास कहा जाता है। इस दौरान मांगलिक कार्य नहीं किए जाते हैं। देवउठनी एकादशी के दिन श्रीहरि के जागने के बाद विवाह, सगाई, गृह प्रवेश और मुंडन जैसे शुभ कार्यों की पुनः शुरुआत होती है।
हिंदू पंचांग के अनुसार, इस वर्ष एकादशी तिथि 20 नवंबर 2026 को सुबह 7:15 बजे प्रारंभ होगी, जबकि एकादशी तिथि की समाप्ति 21 नवंबर 2026 को सुबह 6:31 बजे होगी। गृहस्थ परंपरा के अनुसार देवउठनी एकादशी का व्रत 20 नवंबर 2026, शुक्रवार को किया जाएगा, जबकि वैष्णव परंपरा में कुछ स्थानों पर 21 नवंबर 2026 को व्रत या उत्सव मनाया जाएगा।
पद्म पुराण के अनुसार, इस एकादशी का व्रत करने से हजार अश्वमेध यज्ञ और सौ राजसूय यज्ञों के बराबर फल प्राप्त होता है। मान्यता है कि इससे व्यक्ति के पाप नष्ट होते हैं और मोक्ष की प्राप्ति होती है।
देवउठनी एकादशी के दिन घरों को दीपों से रोशन किया जाता है और कई स्थानों पर आतिशबाजी भी की जाती है। एकादशी का उपवास, पूजा-पाठ और श्रीहरि की भक्ति करने से उनकी विशेष कृपा प्राप्त होने की मान्यता है। इसके साथ ही ध्यान, मंत्र-जाप, धार्मिक ग्रंथों का पाठ और भजन करने की परंपरा है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इन साधनाओं से जीवन में सकारात्मकता आती है और नकारात्मकता दूर होती है।