बहरीन (Bahrain) के मशहूर रैपर फ्लिपराची (Flipperachi) का गाना "FA9LA" इन दिनों हर किसी की ज़ुबान पर है। फिल्म 'धुरंधर" में अक्षय खन्ना की लाजवाब एंट्री के बाद तो इस गाने ने तहलका ही मचा दिया था। अब फ्लिपराची ने 2026 में अपने भारत टूर की घोषणा कर दी है, जिसके बाद उनके भारतीय फैंस में ज़बरदस्त उत्साह का माहौल है।
उन्होंने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर जानकारी दी कि वे 14 मार्च 2026 को बेंगलुरू में "UN40 म्यूज़िक फेस्टिवल" में लाइव परफॉर्म करेंगे। अभी सिर्फ एक ही शहर के नाम का खुलासा हुआ है। फ्लिपराची ने अपने फैंस से कमेंट में पूछा कि वो उन्हें और किन शहरों में परफॉर्म करते हुए देखना चाहते है। इस पर किसी ने कोलकाता, तो किसी ने कोच्चि का नाम लिखा। इनके अलावा मुंबई और पुणे जैसे शहरों के नाम भी कमेंट सेक्शन में लिखे पाए गए। जहां म्यूज़िक फैन्स उनकी लाइव परफॉर्मेंस का इंतज़ार कर रहे हैं, वहीं फ्लिपराची भी भारतीय खाने का लुत्फ उठाने को बेकरार है।
जानकारी के लिए बता दें कि "FA9LA" गाना 2024 में रिलीज़ हुआ था। लेकिन भारत में इसकी लोकप्रियता तब आसमान छू गई, जब इसे फिल्म धुरंधर में इस्तेमाल किया गया। अक्षय खन्ना के कमाल के डांस ने इसे रातों-रात वायरल कर दिया था। फ्लिपराची, जिनका असली नाम हुसाम मोहम्मद असीम है, ने अपने भारतीय फैंस को इस गाने को इतना प्यार देने के लिए धन्यवाद भी किया था। साथ ही उन्होंने कहा कि लोगों ने लिरिक्स समझे बिना भी गाने की वाइब को पसंद किया। इस खबर के आने के बाद अब यह भी उम्मीद की जा रही है कि वे आने वाले वक़्त में किसी भारतीय कलाकार के साथ Collaboration भी कर सकते है। फिलहाल उनके बेंगलुरू के फैंस इस घोषणा को सुनने के बाद कार्यक्रम की तैयारी में जुट जाएंगे। वहीं उनके अन्य फैंस को अपनी बारी के लिए कुछ वक़्त इंतज़ार करना होगा।