देशभर में इस समय दीपावली का उत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। वसुबारस, धनतेरस, नरक चतुर्दशी और दीपावली के बाद अब गोवर्धन पूजा, बलिप्रतिपदा और भाईदूज जैसे पर्वों की बारी हैं। गोवर्धन पूजा को अन्नकूट उत्सव के नाम से भी जाना जाता है। इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण की पूजा की जाती है और उन्हें छप्पन भोग अर्पित किए जाते हैं।
इस मौके पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने X पर लिखा, "सभी देशवासियों को गोवर्धन पूजा की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। यह पावन पर्व आप सभी के जीवन में नई ऊर्जा और नए उत्साह का संचार करे। सभी के सुख, सौभाग्य और समृद्धि का विस्तार हो, यही मंगलकामना है।"
प्रधानमंत्री ने एक संस्कृत सुभाषित भी साझा किया:
आभीरनगरीप्राणप्रियं सत्यपराक्रमम्।
स्वभृत्यभयभेत्तारं गोवर्धनधरं भजे॥
इसका अर्थ है कि जो ब्रजवासियों के प्राणप्रिय हैं, सत्य पर आधारित पराक्रम वाले हैं और अपने भक्तों के भय का नाश करने वाले हैं, ऐसे गोवर्धन गिरिधारी श्रीकृष्ण का मैं भजन करता हूं।
उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने भी गोवर्धन पूजा के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि भगवान श्रीकृष्ण हर घर में सुख, शांति, समृद्धि और सकारात्मकता का आशीर्वाद दें। साथ ही, यह त्योहार भक्ति, कृतज्ञता और आपसी एकजुटता के मूल्यों को और मजबूत करे।
वहीं, आज गुजराती नववर्ष बेस्टु वरस भी धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस दिन से गुजराती हिंदू विक्रम संवत कैलेंडर के नए वर्ष 2083 की शुरुआत हुई है। इस अवसर पर गुजरात के बनासकांठा जिले में स्थित प्रसिद्ध अंबाजी माता मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंच रहे हैं। श्री सोमनाथ मंदिर में भी भक्तों की भीड़ देखी जा रही है।
उत्तर प्रदेश के मथुरा और वृंदावन में भी गोवर्धन पूजा के अवसर पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। बड़ी संख्या में भक्त भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना करने और पवित्र गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा करने पहुंच रहे हैं। इस अवसर पर मंदिरों में छप्पन भोग अर्पित किए जा रहे हैं और अन्नकूट तैयार किया जा रहा है। साथ ही, सजी-धजी गायों की पूजा भी की जा रही है। दिल्ली के स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर में भी गोवर्धन पूजन और अन्नकूट उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर श्रद्धालु मंदिर में पूजा-अर्चना कर रहे हैं।
कुछ स्थानों पर गोवर्धन पूजा कल ही मनाई जा चुकी है। मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 9 नवंबर को गोवर्धन पूजा के अवसर पर इंदौर जिले के आशापुरा गांव में नवनिर्मित कामधेनु गौशाला का लोकार्पण किया। लगभग 26 हेक्टेयर क्षेत्र में 16 करोड़ रुपये की लागत से इस गौशाला का निर्माण किया गया है।
मुख्यमंत्री ने इसकी तस्वीरें X पर साझा करते हुए लिखा, "गोवर्धन पूजा के पावन पर्व पर आज इंदौर जिले के ग्राम आशापुरा में 16 करोड़ की लागत से निर्मित कामधेनु गौशाला का लोकार्पण किया। लगभग 26 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित इस गौशाला में बीमार-अशक्त गोवंश की देखभाल एवं उनके संरक्षण की व्यवस्था की गई है। इसमें 5 करोड़ की लागत से CNG प्लांट भी स्थापित किया जाएगा। गौमाता के लिए व्यवस्थित आश्रय एवं बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करना हमारी प्रतिबद्धता है। इसी दिशा में ग्वालियर, इंदौर, भोपाल, जबलपुर एवं सतना सहित प्रदेश के बड़े नगरों में बड़ी गौशालाएँ प्रारंभ की जा रही हैं।"