BJD को लगा बड़ा झटका, नवीन पटनायक के करीबी माने जाने वाले देबाशीष सामंतराय भाजपा में हुए शामिल

बता दें कि राज्यसभा भेजे जाने से पूर्व, देबाशीष ओडिशा विधानसभा में भी सेवाएं दे चुके हैं। वो 2000 से 2004 तक तिर्तोल (Tirtol) और 2009 से 2019 तक बाराबती-कटक (Barabati-Cuttack) से विधायक भी रह चुके हैं।

BJD को लगा बड़ा झटका, नवीन पटनायक के करीबी माने जाने वाले देबाशीष सामंतराय भाजपा में हुए शामिल

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरूण सिंह की मौजूदगी में देबाशीष ने पार्टी की सदस्यता की ग्रहण।

Share:

Highlights

  • अपने इस्तीफे में देबाशीष ने लिखा की हाल के दिनों में उन्हें लगा की पार्टी में उनको कमजोर किया जा रहा है।
  • BJD ने कहा की पार्टी द्वारा दी गई सुविधाओं का लाभ उठाने के बाद उन्होंने अपने हितों को साधने के लिए इस्तीफा दे दिया है।
  • भाजपा में शामिल होने के बाद देबाशीष ने कहा की वो आगे चलकर ओडिशा में पार्टी के लिए बड़े पैमाने पर काम करना चाहते है।

ओडिशा की राजनीति से एक अहम खबर सामने आई है। बीजू जनता दल (BJD) से राज्यसभा सांसद और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के करीबी माने जाने वाले देबाशीष सामंतराय ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। आज वो भारतीय जनता पार्टी (BJP) में भी शामिल हो चुके हैं।

कल नवीन पटनायक को भेजे अपने त्यागपत्र में उन्होंने लिखा, मैं आज 25 मई 2026 को, BJD की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देता हूँ। "मुझे राज्यसभा के लिए नॉमिनेट करने हेतु मैं सदैव आपका ऋणी रहूंगा। मैं इस अवसर पर, अविभाजित कटक जिले के लोगों की सेवा करने और राष्ट्रीय स्तर पर ओडिशा से जुड़े मुद्दों को उठाने का अवसर प्रदान करने के लिए, आपके प्रति अपना हार्दिक और गहरा आभार व्यक्त करता हूं।"

उन्होंने आगे लिखा, "मैंने हमेशा खुद को पार्टी के हितों के लिए समर्पित किया है और इन वर्षों के दौरान पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ पार्टी के लिए काम किया है। लेकिन हाल के दिनों में, मुझे लगा कि पार्टी में मुझे जान-बूझकर कमजोर किया जा रहा है और अब पार्टी को मेरी सेवाओं की जरूरत नहीं है। इसलिए, मैंने जनहित में यह कठिन फैसला लिया है और आपसे अनुरोध करता हूँ कि आप मेरा इस्तीफा स्वीकार कर लें।"

देबाशीष से पूर्व BJD के ही राज्यसभा सांसद ममता मोहंता/महंत और सुजीत कुमार भी पार्टी छोड़कर BJP में शामिल हो चुके हैं, जहां से उन्हें पुनः राज्यसभा भी भेजा गया था। हालांकि देबाशीष द्वारा इस कदम को उठाए जाने के बाद BJD उनकी आलोचना भी कर रही है।

BJD ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, पार्टी द्वारा दी गई सभी सुविधाओं का लाभ उठाने के बाद, उन्होंने अपने निजी हितों को साधने के लिए पार्टी से इस्तीफा दे दिया हैं। BJD ने उन्हें पाँचवीं बार टिकट दिया था और उन्हें राज्यसभा सांसद बनाया था। नवीन बाबू ने उन्हें ओडिशा टूरिज्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (OTDC) का चेयरमैन बनाने के साथ-साथ संगठन में भी कई अहम पद दिए थे। पार्टी की उम्मीदों के बजाय हितों को अधिक महत्व देते हुए, अब उन्होंने BJP की ओर रुख कर लिया है।

BJP में शामिल होने के बाद देबाशीष ने कहा कि, "सबसे पहले, मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देना चाहूंगा। आज, उन्होंने मुझे अपना आशीर्वाद दिया है और अपनी टीम में शामिल किया है, ताकि मैं भारत के लिए उनके विजन में अपना योगदान दे सकूं। उन्होंने एक विकसित भारत बनाने का सपना देखा है और वे लगातार उस लक्ष्य की दिशा में काम कर रहे हैं।"

उन्होंने आगे कहा, "मैं उनके कार्यक्रमों और उनके व्यक्तित्व से बहुत प्रभावित हुआ हूं और इसीलिए आज मैं भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो रहा हूं। मुझे उम्मीद है कि BJP का नेतृत्व और पार्टी में मेरे सभी दोस्त मेरा समर्थन करते रहेंगे और मुझसे जुड़े रहेंगे। आगे चलकर, मैं ओडिशा में BJP के लिए बड़े पैमाने पर काम करना चाहता हूं।"

बता दें कि राज्यसभा भेजे जाने से पूर्व, देबाशीष ओडिशा विधानसभा में भी सेवाएं दे चुके हैं। वो 2000 से 2004 तक तिर्तोल (Tirtol) और 2009 से 2019 तक बाराबती-कटक (Barabati-Cuttack) से विधायक भी रह चुके हैं। उनके पिता नित्यानंद सामंतराय भी तिर्तोल से विधानसभा सदस्य रह चुके हैं। देबाशीष के BJP में आगमन से पार्टी को प्रदेश में कितना फायदा होगा, ये तो आने वाला समय ही बताएगा।

रिलेटेड टॉपिक्स