बोलीविया (Bolivia) से एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। शुक्रवार 27 फरवरी की शाम बोलिविया की वायु सेना का एक हरक्यूलिस C-130 कार्गो विमान एल ऑल्टो (El Alto) शहर में क्रैश हो गया। इस दर्दनाक हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई और करीब 30 लोग घायल बताए जा रहे हैं। ये कोई सामान्य विमान नहीं था, बल्कि देश के सेंट्रल बैंक के लिए छपे नए नोटों की खेप लेकर जा रहा था। जानकारी के मुताबिक, विमान सांता क्रूज (Santa Cruz) से उड़ान भरकर ला पाज (La Paz) के पास स्थित एल ऑल्टो इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड करने वाला था। लेकिन खराब मौसम के कारण विमान ने अपना संतुलन खो दिया और फिसलते हुए पास की एक मुख्य सड़क पर जा गिरा।
विमान की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सड़क पर चल रही लगभग एक दर्जन गाड़ियां इसकी चपेट में आ गईं और क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद का मंजर बहुत ही अजीब और अफरा-तफरी भरा था। जैसे ही विमान क्रैश हुआ, उसमें रखे करोड़ों के नए नोट पूरे इलाके में बिखर गए। आग और मलबे के बीच सड़क पर नोटों का ढेर देख वहां मौजूद लोगों में उसे लूटने की होड़ मच गई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे लोग अपनी जान की परवाह किए बिना मलबे के पास से नोट बटोर रहे थे। हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस को भीड़ को हटाने के लिए आंसू गैस के गोले और पानी की बौछारों का इस्तेमाल करना पड़ा।
बोलीविया के रक्षा मंत्रालय ने इस घटना पर दुख जताया है और मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। पता लगाया जा रहा है कि खराब मौसम के कारण ही ये हादसा हुआ था या फिर इसके पीछे कोई मशीनी खराबी थी। सरकार ने लोगों को सख्त चेतावनी दी है कि वे इन नोटों को न उठाएं, क्योंकि ये अभी आधिकारिक तौर पर चलन में नहीं आए थे और इन्हें पास रखना अपराध माना जाएगा। फिलहाल एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया है और राहत कार्य जारी है। इस हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है।