राज्यसभा चुनाव, कर्नाटक से खरगे और पवन खेड़ा को मौका, बिट्टू का टिकट कटा

राजस्थान से राज्यसभा सांसद रह चुके केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू का नाम भाजपा ने काट दिया है। संभावना है कि वो अगले साल पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। तमिलनाडु से कांग्रेस ने ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस (AIPC) के अध्यक्ष और चेयरपर्सन प्रवीण चक्रवर्ती को राज्यसभा भेजा है।

राज्यसभा चुनाव, कर्नाटक से खरगे और पवन खेड़ा को मौका, बिट्टू का टिकट कटा

खरगे का नाम तो तय माना जा रहा था, लेकिन पवन खेड़ा के नाम ने सबको चौंकाया है।

Share:

Highlights

  • राजस्थान से भाजपा ने डॉ. सतीश पूनिया और डॉ. अलका गुर्जर को राज्यसभा भेजा है।
  • अरूणाचल प्रदेश की एकमात्र सीट पर भाजपा ने ताई तागाक को उम्मीदवार घोषित किया है।
  • ओडिशा उप-चुनाव में भाजपा द्वारा देबाशीष सामंतराय को उच्च सदन में भेजा गया है।

18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनावों को लेकर, देश की दो प्रमुख पार्टियों भाजपा और कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। दोनों दलों ने इस बार कुछ चौंकाने वाले नामों पर भी दांव लगाया है। इस बार की लिस्ट में कुछ नए चेहरों को भी मौका मिला है, तो कुछ पुराने नाम काट भी दिए गए हैं। एक नजर उन सभी राज्यों पर, जहां चुनाव होने वाले हैं। सर्वप्रथम उल्लेख करें मध्य प्रदेश का, तो यहां भाजपा ने तरूण चुग और रजनीश अग्रवाल को मैदान में उतारा है। तरूण चुग भाजपा के राष्ट्रीय महासचिवों में से एक हैं और इससे पूर्व दो बार अमृतसर सेंट्रल विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुके हैं। 

दोनों ही बार उन्हें कांग्रेस के नेता और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री ओम प्रकाश सोनी से हार का सामना करना पड़ा था। 2027 में पंजाब में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। उन्हें राज्यसभा भेजकर समीकरणों को भी साधने की कोशिश की गई है। वहीं रजनीश अग्रवाल भाजपा-मध्य प्रदेश के प्रदेश मंत्री और राज्य में पार्टी के प्रवक्ता जैसे पदों पर काम कर चुके हैं। इन दोनों के अलावा कांग्रेस ने मंदसौर से लोकसभा सांसद रह चुकी मीनाक्षी नटराजन को मैदान में उतारा है। मध्य प्रदेश से भाजपा के खाते में 2 और कांग्रेस को एक सीट मिल सकती है।

भाजपा के सबसे मजबूत गढ़ गुजरात से, पार्टी ने राजुभाई शुक्ला, मुकेशभाई राठवा, मानसिंह परमार और जीतेन्द्र मेघजीभाई कंजारिया को इस उच्च सदन में भेजने का फैसला किया है। वहीं कांग्रेस ने यहां से एक भी नाम जारी नहीं किया है। हालांकि इसकी भी पूरी-पूरी संभावना है कि ये चारों ही सीटें भाजपा के पास ही जाने वाली हैं। मणिपुर की एकमात्र सीट से भाजपा ने प्रदेश अध्यक्ष ए. शारदा देवी को अपना उम्मीदवार बनाया है। विधानसभा में NDA के बहुमत को देखते हुए ये सीट भी भाजपा के ही पास जा सकती है। ए. शारदा देवी मणिपुर के महाराज (नाममात्र) लीशेम्बा सनाजाओबा का स्थान लेंगी।

कर्नाटक का जिक्र करें, तो यहां कांग्रेस की स्थिति थोड़ी बेहतर है। फिलहाल चार सीटों पर चुनाव होने हैं, जिनमें से तीन कांग्रेस और एक भाजपा के पास जाती हुई दिखाई दे रही है। कांग्रेस के प्रत्याशियों में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के मीडिया और प्रचार विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा और 2024 में बेंगलुरू सेंट्रल से लोकसभा चुनाव लड़ चुके मंसूर अली खान का नाम शामिल है। उन्हें 2009 से भाजपा के सांसद पी. सी. मोहन ने पराजित किया था। चौथी सीट के लिए भाजपा ने अपने प्रत्याशी का नाम जारी नहीं किया है।

राजस्थान से भाजपा ने अपने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और आमेर से पूर्व विधायक डॉ. सतीश पूनिया को राज्यसभा भेजने का फैसला किया है। उनके अलावा पूर्व विधायक डॉ. अलका गुर्जर भी इस उच्च सदन में जाने वाली हैं। वहीं कांग्रेस ने नीरज डांगी को एक बार पुनः राज्यसभा भेजा है। वो 2020 से यहां से सांसद हैं। इसी प्रदेश से राज्यसभा सांसद रह चुके केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू का नाम भाजपा ने काट दिया है। संभावना है कि वो अगले साल पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ेंगे।

झारखंड से कांग्रेस ने प्रणव झा को अपना प्रत्याशी बनाया है। एक अन्य सीट पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) का कब्जा हो सकता है। हालांकि पार्टी ने अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं। अरूणाचल प्रदेश की एकमात्र सीट पर भाजपा ने ताई तागाक को उम्मीदवार घोषित किया है। जानकारी के मुताबिक, वो पहले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं और अरूणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू के सलाहकार के तौर पर भी काम कर चुके हैं। तमिलनाडु से कांग्रेस ने ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस (AIPC) के अध्यक्ष और चेयरपर्सन प्रवीण चक्रवर्ती को राज्यसभा भेजा है।

अंत में उल्लेख करें ओडिशा उप-चुनाव का, तो भाजपा द्वारा एक बार फिर देबाशीष सामंतराय को इस सदन में भेजा गया है। देबाशीष कुछ समय पहले ही बीजू जनता दल (BJD) छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं।

रिलेटेड टॉपिक्स