भारतीय क्रिकेट जगत से एक बड़ी खबर सामने आई है। बाएं हाथ के बल्लेबाज साई सुदर्शन श्रीलंका के खिलाफ होने वाली आगामी टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की एक मीडिया एडवाइजरी के अनुसार, वो अभी बेंगलुरू में BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में हैं। उनके दाहिने पैर के अंगूठे की चोट (स्ट्रेस रिएक्शन) से उबरने में काफी सुधार हुआ है और उनकी हालत बेहतर हो रही है।
पुरूष चयन समिति ने टेस्ट सीरीज के लिए उनकी जगह दाएं हाथ के बल्लेबाज सरफराज खान को टीम में शामिल किया है। सुदर्शन इससे पहले भारत के लिए 7 टेस्ट, 3 वनडे और एक T20 मैच खेल चुके हैं, जिनमें उन्होंने क्रमशः 383, 127 और 0 रन बनाए हैं। हालांकि, इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में उन्होंने शानदार निरंतरता दिखाई है।
गुजरात टाइटंस (GT) के लिए खेलते हुए, सुदर्शन ने 57 मैचों में 48.37 की औसत से 2,515 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 149.17 रहा है और उनका सर्वोच्च स्कोर 108 रन है। वहीं सरफराज को एक लंबे ब्रेक के बाद टीम इंडिया में वापसी का मौका मिला है। जानकारी के अनुसार, उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट मैच नवंबर 2024 में न्यूजीलैंड के भारत दौरे के दौरान खेला था।
उस तीन मैचों की सीरीज में, सरफराज ने एक पारी में 150 रन बनाए, लेकिन बाकी पारियों में कोई खास कमाल नहीं दिखा पाए। वो इस साल IPL में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की ओर से खेले, लेकिन वहां भी उनके बल्ले से महज एक अर्धशतक और दो-तीन छोटी पारियां ही निकलीं। हालांकि, लिस्ट-ए और फर्स्ट क्लास में उनके आंकड़ें अब भी अच्छे हैं।
सरफराज के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी लय वापस पाने और भारतीय टीम में अपनी जगह सुनिश्चित करने का यह एक शानदार मौका है। वो अब तक भारत के लिए 6 टेस्ट मैच खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने 37.1 की औसत से 371 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका बेस्ट स्कोर 150 रहा, जो उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ बनाया था। वो 58 IPL मुकाबले भी खेल चुके हैं, जहां उन्होंने 22.61 की औसत से 746 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका बेस्ट स्कोर 67 रहा।
भारत की अपडेटेड स्क्वॉड पर नजर डालें, तो इनमें भारत की शुभमन गिल (कप्तान), के. एल. राहुल, यशस्वी जयसवाल, ऋषभ पंत, ध्रुव जुरेल, रवींद्र जड़ेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर ब्रार, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन, औकीब नबी और सरफराज खान शामिल हैं। पहला टेस्ट 15 से 19 अगस्त तक श्रीलंका के गाले में खेला जाएगा, जबकि दूसरा 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो में खेला जाएगा।