शिलॉन्ग सांसद डॉ. रिकी सिंकॉन का फुटसल खेलते समय कार्डियक अरेस्ट से निधन, राज्य में शोक की लहर

रिकी ने 2024 में कांग्रेस के दिग्गज नेता और 3 बार के सांसद विन्सेंट पाला (Vincent Pala) को 3,71,910 वोटों के बड़े अंतर से हराया था।

शिलॉन्ग सांसद डॉ. रिकी सिंकॉन का फुटसल खेलते समय कार्डियक अरेस्ट से निधन, राज्य में शोक की लहर

उनके निधन पर पीएम मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया।

Share:

Highlights

  • रिकी मावलाई मावियोंग इलाके में खेल के दौरान अचानक मैदान पर गिर पड़े।
  • अस्पताल में इलाज के दौरान रात 8:42 बजे उन्हें मृत घोषित किया गया।
  • 2024 में उन्होंने शिलॉन्ग सीट पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी।

मेघालय की शिलॉन्ग लोकसभा सीट से सांसद डॉ. रिकी ए. जे. सिंकॉन (Dr. Ricky A. J. Syngkon) का 54 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। ये खबर पूरे राज्य और देश के राजनीतिक गलियारों के लिए दुखद और हैरान कर देने वाली है। 19 फरवरी की शाम मावलाई मावियोंग (Mawlai Mawiong) इलाके में फुटसल (फुटबॉल का एक छोटा रूप) खेलते हुए उन्हें अचानक कार्डियक अरेस्ट आया, जिसके बाद उन्हें बचाया नहीं जा सका। जानकारी के मुताबिक, रिकी अपने दोस्तों के साथ फुटसल खेल रहे थे। खेल के दौरान वो अचानक मैदान पर गिर पड़े। उनके साथियों ने उन्हें तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टर उपलब्ध न होने के कारण उन्हें डॉ. एच. गॉर्डन रॉबर्ट्स अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन रात करीब 8.42 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

रिकी मेघालय की वॉइस ऑफ द पीपल पार्टी (VPP) के एक प्रमुख नेता थे। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनावों में शिलॉन्ग लोकसभा सीट से ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। रिकी ने कांग्रेस के दिग्गज नेता और 3 बार के सांसद विन्सेंट पाला (Vincent Pala) को 3,71,910 वोटों के बड़े अंतर से हराया था। इसे मेघालय की राजनीति में एक बड़ा उलटफेर माना गया था। वे नॉर्थ-ईस्टर्न हिल यूनिवर्सिटी के इकोनॉमिक्स डिपार्टमेंट में असिस्टेंट प्रोफेसर के तौर पर भी काम कर चुके थे।

उनके निधन की खबर मिलते ही मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा (Conrad Sangma) ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा," शिलॉन्ग से माननीय सांसद डॉ. रिकी ए. जे. सिंकॉन के असामयिक निधन से मै अत्यंत स्तब्ध और दुखी हूँ। डॉ. रिकी एक समर्पित नेता थे, जिनमें जनसेवा के प्रति गहरा उत्साह और अपनी जनता के प्रति अटूट प्रतिबद्धता थी। वे विनम्रता और दूरदर्शिता के साथ जनता की सेवा करते थे। इस कठिन समय में उनके परिवार, मित्रों और अनगिनत शुभचिंतकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।" मेघालय के उपमुख्यमंत्री प्रेस्टोन टिनसोंग (Prestone Tynsong), VPP अध्यक्ष आर्डेंट मिलर बसाईवमोइट (Ardent Miller Basaiawmoit) और अन्य नेता भी उन्हें अपने श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए अस्पताल पहुंचे थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शोक जताते हुए लिखा, "शिलॉन्ग से लोकसभा सांसद डॉ. रिकी ए.जे. सिंकॉन के निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। मेघालय की जनता के प्रति उनकी समर्पित सेवा के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, मित्रों और समर्थकों के साथ हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।" इस तरह अचानक एक ऊर्जावान नेता का चले जाना राज्य के लिए एक बड़ी क्षति है।

रिलेटेड टॉपिक्स