जापान के आइची-नागोया में आयोजित 20वें एशियन गेम्स संपन्न हो गए हैं। भारत ने कुल 85 पदक जीते, जिनमें 21 गोल्ड, 27 सिल्वर और 37 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। 2022 के बाद से यह हमारा दूसरा सबसे अच्छा प्रदर्शन रहा है। इन खेलों के बाद कुछ भारतीय खिलाड़ी वापस स्वदेश भी लौट चुके हैं। आज तमिलनाडु के चेन्नई में प्रदेश के लोक निर्माण और खेल विकास मंत्री आधव अर्जुन कुछ पदक विजेता खिलाड़ियों से मिले और उनका सम्मान किया। इनमें स्क्वॉश खिलाड़ी वेलवन सेंथिलकुमार, जोशना चिनप्पा, शमीना रियाज, अभय सिंह और स्प्रिंटर राजेश रमेश शामिल हैं।
ये सभी खिलाडी तमिलनाडु से ही ताल्लुक रखते हैं। सेंथिलकुमार ने जोशना के साथ मिलकर स्क्वॉश के मिक्स्ड डबल्स इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। वहीं शमीना रियाज ने महिलाओं के टीम इवेंट में जोशना, तन्वी खन्ना और अनाहत सिंह के साथ मिलकर ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। इनके अलावा अभय सिंह ने मेन्स सिंगल्स इवेंट में सिल्वर मेडल हासिल किया था। अंत में राजेश रमेश उस टीम का हिस्सा थे, जिसनें पुरुषों की 4 × 400 मीटर रिले रेस में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। इस कार्यक्रम के दौरान आधव अर्जुन ने कहा कि ये वे लोग हैं जो हमें प्रेरित करते हैं।
स्पोर्ट्स फैसिलिटीज में एयर-कंडीशंड कमरों का काम अभी चल रहा है। जल्द ही तमिलनाडु के सभी 38 जिलों में स्पोर्ट्स हॉस्टल बनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय भी जल्द ही एशियन गेम्स में मेडल जीतने वालों से मिलेंगे और उनके लिए डिनर का आयोजन करेंगे। इससे पहले भी कुछ खिलाड़ियों को सम्मानित किया जा चुका है। इनमें विथ्या रामराज, टी.के. विशाल, जी. कमलिनी, बारानिका इलांगोवन और अभिनया राजराजन शामिल हैं। उन्हें तमिलनाडु एथलेटिक्स एसोसिएशन और स्पोर्ट्स डेवलपमेंट अथॉरिटी ऑफ तमिलनाडु ने सम्मानित किया था।