पश्चिम बंगाल की राजनीति से एक बड़ी खबर सामने आई है। लंबे समय से लगातार सियासी झटके झेल रहीं राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को अदालत से थोड़ी राहत मिली है। कलकत्ता हाईकोर्ट ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष (LoP) के रूप में ऋतब्रत बनर्जी की नियुक्ति को रद्द करते हुए विधानसभा अध्यक्ष के फैसले को अमान्य करार दिया।
इसके साथ ही, अदालत ने विधायक अखरुज्जमां की मुख्य सचेतक (चीफ व्हिप) के पद पर की गई नियुक्ति को भी खारिज कर दिया है। हाईकोर्ट ने विधानसभा अध्यक्ष रथींद्र बोस को निर्देश दिया है कि वे इस नियुक्ति पर पुनर्विचार करें और 10 दिनों के भीतर तर्क सहित एक नया आदेश जारी करें।
सांसद कल्याण बनर्जी ने फैसले का स्वागत किया
ममता ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (MAITC) के सांसद कल्याण बनर्जी ने इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "कलकत्ता हाईकोर्ट के जस्टिस कृष्ण राव की सिंगल बेंच ने पश्चिम बंगाल विधानसभा के स्पीकर द्वारा विपक्ष के नेता की नियुक्ति के आदेश को रद्द कर दिया है, क्योंकि इसमें कई गैर-कानूनी पहलू थे। यह पहली बार है जब हाईकोर्ट ने इस मुद्दे पर ऐसे आदेश को निरस्त किया है।" स्पीकर की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कल्याण ने कहा कि स्पीकर का पद पूरी तरह स्वतंत्र और सभी राजनीतिक दलों से ऊपर होता है, जिन्हें केवल संविधान के अनुसार काम करना चाहिए।
लेकिन पश्चिम बंगाल के मामले में ऐसा नहीं हुआ। यही हमारा पक्ष था, जिसे अदालत ने स्वीकार किया है। इससे पहले हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने उन्हें 18 अक्टूबर तक के लिए अंतरिम विपक्ष के नेता के रूप में नियुक्त किया था, जिसकी अवधि अब समाप्त हो चुकी है। इसके बावजूद, 18 अक्टूबर के बाद उन्होंने विपक्ष के नेता के तौर पर काम करते हुए सभी भत्तों और सुविधाओं का लाभ उठाया, जो जनता के पैसे के साथ सीधे तौर पर धोखाधड़ी है।
चुनाव आयोग की कार्यवाही पर भी दी जानकारी
भारत निर्वाचन आयोग (ECI) में चल रहे मामले का जिक्र करते हुए कल्याण बनर्जी ने बताया कि आज चुनाव आयोग के सामने एक याचिका आई है, जिसमें वे आवेदन दाखिल कर नए हलफनामे देना चाहते थे। हमने इसका कड़ा विरोध किया है, क्योंकि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार अब कोई नया दस्तावेज दाखिल करने की गुंजाइश नहीं है। जो हलफनामे दाखिल किए गए हैं, वे हमारे सामने उजागर नहीं किए गए हैं, इसलिए उन पर भरोसा नहीं किया जा सकता।"
उन्होंने आगे कहा, "सुप्रीम कोर्ट ने प्लीडिंग्स दाखिल करने का निर्देश दिया था, लेकिन लिखित दलीलें प्लीडिंग्स का हिस्सा नहीं होतीं और उनके जरिए कोई नया मामला नहीं बनाया जा सकता। उनकी पूरी कोशिश प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों का उल्लंघन करने की है। हमने इन सभी बिंदुओं को आयोग के समक्ष रख दिया है और अब चुनाव आयोग इस पर अपना आदेश देगा।
हाईकोर्ट के फैसले पर ऋतब्रत बनर्जी की प्रतिक्रिया
LoP के रूप में अपनी नियुक्ति रद्द किए जाने पर ऋतब्रत बनर्जी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, "हाईकोर्ट की सिंगल बेंच ने स्पीकर के फैसले को रद्द करते हुए मामले को वापस उनके पास भेजा है, ताकि वे 10 दिनों के भीतर इस पर फिर से निर्णय ले सकें। इस पूरी प्रक्रिया में कुछ भी असामान्य नहीं है।"
पार्टी के भीतर चल रहे विवाद का जिक्र करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया, "जब सोवनदेब चट्टोपाध्याय ने इस नियुक्ति को चुनौती देते हुए अदालत का दरवाजा खटखटाया था, तब 3 जून को तृणमूल कांग्रेस (TMC) के भीतर कोई विवाद नहीं था। इसके बाद 22 जून को AITC ने अरूप रॉय को अध्यक्ष चुना और यह मामला भारत निर्वाचन आयोग के पास पहुंच गया। अब चुनाव आयोग का भी मानना है कि पार्टी में विवाद है, जिसमें एक तरफ अरूप रॉय के नेतृत्व वाला गुट DTC है, तो दूसरी तरफ डॉ. ममता बनर्जी के नेतृत्व वाला गुट MAITC है।"
अपनी दावेदारी पर विश्वास जताते हुए ऋतब्रत बनर्जी ने आगे कहा, "जब भी विधानसभा अध्यक्ष हमें बुलाएंगे, हम अपने समर्थन में विधायकों के बहुमत के साथ उनके सामने पेश होंगे।"