पश्चिम बंगाल में 24 परगना जिले के फाल्टा इलाके से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां स्थानीय निवासी आज सड़क पर उतरे और जमकर प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नेता उन्हें धमका रहे हैं। प्रदर्शनकारी, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं, ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। वहां रहने वाले लोग फिर से वोटिंग की बात भी कर रहे हैं। मीडिया से बात करते कई महिलाओं ने अपने अनुभव भी सुनाए। एक स्थानीय महिला ने बताया कि, "TMC के इसराफिल चौकीदार ने हमें धमकी दी है कि अगर भारतीय जनता पार्टी (BJP) जीत गई, तो वे यहां हमारे घर जला देंगे और खून-खराबा करेंगे।"
एक स्थानीय निवासी का कहना है, "हमने TMC को वोट दिया था, फिर भी हमें हमारे घरों से निकाल दिया गया है और वो हमें पीट रहे हैं।" एक और महिला ने अपनी आपबीती सुनाते हुए कहा कि, "TMC के गुंडे इधर-उधर घूम रहे हैं। उन्होंने हमें वोट नहीं डालने दिया। हमें वोट डालने की इजाजत नहीं मिली, फिर भी हमें परेशान किया जा रहा है। अगर हम उनकी सभाओं में नहीं जाते, तो वे हमें घर पर भी नहीं रहने देते। 12 घंटे बीत चुके हैं, और अब तक किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हुई है।" वहां रहने वाली महिलाओं को बलात्कार की धमकियां भी दी गई हैं।
फिलहाल कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में सुरक्षाबल मौजूद है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (CRPF) और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवानों को तैनात किया गया। एहतियाती कदम के तौर पर CRPF का एक बख्तरबंद वाहन भी तैनात किया गया था। बता दें कि फाल्टा विधानसभा सीट पर TMC के जहांगीर खान और BJP के देबांगशु पांडा के बीच मुकाबला है। अन्य उम्मीदवारों में CPI(M) के शंभू नाथ कुर्मी और कांग्रेस के अब्दुर रज्जाक मोल्ला भी शामिल हैं। इस समय दोनों विधानसभा सीटों, मगराहाट पश्चिम और डायमंड हार्बर, के 15 मतदान केंद्रों पर वोटिंग जारी है। दोपहर 3 बजे तक, मगराहाट पश्चिम में 72.50% और डायमंड हार्बर में 72.36% मतदान हो चुका है। वहीं टोटल टर्नआउट 72.43% दर्ज किया है।