एशियन गेम्स : पुरुष क्रिकेट टीम फाइनल में पहुंची, गोल्ड मेडल के लिए पाकिस्तान से होगी भिड़ंत

निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने श्रीलंका को 124 रनों के बड़े अंतर से हराकर फाइनल में जगह बनाई। भारतीय टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 169 रन बनाए, जबकि पूरी श्रीलंकाई टीम 9.5 ओवर में सिर्फ 45 रनों पर ऑलआउट हो गई।

एशियन गेम्स : पुरुष क्रिकेट टीम फाइनल में पहुंची, गोल्ड मेडल के लिए पाकिस्तान से होगी भिड़ंत

ईशान किशन ने 80 रनों की पारी खेली, जिसमें चार चौके और पांच छक्के शामिल थे।

Share:

Highlights

  • स्क्वॉश के महिला टीम स्पर्धा के सेमीफाइनल में हांगकांग से 2-1 से हारने के बाद भारत ने ब्रॉन्ज मेडल जीता।
  • व्यक्तिगत कंपाउंड तीरंदाजी में भारत के गणेश ने वियतनाम के कॉन्ग डक डैंग को 149-144 से हराकर ब्रॉन्ज मेडल जीता।
  • भारत के मनु फ्रांसिस और प्रिंस कुरिसिंकल नोबल ने पुरुषों के स्किफ सेलिंग इवेंट में सिल्वर मेडल जीता।

जापान के आइची-नागोया में आयोजित 20वें एशियन गेम्स में 1 अक्टूबर को भारत ने कई और पदक अपने नाम किए। स्क्वॉश के महिला टीम स्पर्धा के सेमीफाइनल में हांगकांग से 2-1 से हारने के बाद भारत ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। इस पदक विजेता भारतीय टीम में अनाहत सिंह, जोशना चिनप्पा और तन्वी खन्ना शामिल थीं। वहीं पुरुषों की व्यक्तिगत कंपाउंड तीरंदाजी स्पर्धा में भारत के गणेश मणि रत्नम तिरुमुरु ने वियतनाम के कॉन्ग डक डैंग को 149–144 से हराकर ब्रॉन्ज मेडल जीता।

इसके अलावा भारत के मनु फ्रांसिस और प्रिंस कुरिसिंकल नोबल ने भी पुरुषों के स्किफ सेलिंग इवेंट में सिल्वर मेडल जीता। सभी मेडल विजेताओं को उनकी उपलब्धियों के लिए हर तरफ से बधाई मिल रही है। क्रिकेट में भी भारत के लिए एक अच्छी खबर आई है। निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने श्रीलंका को 124 रनों के बड़े अंतर से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और ये निर्णय उनके बोलर्स ने सही भी साबित किया।

टीम का स्कोर जब महज 12 रन था, तब अभिषेक शर्मा (7) आउट हो गए और 24 रन के स्कोर पर भारत का दूसरा विकेट संजू सैमसन (7) के रूप में गिरा। हालाँकि, युवा वैभव सूर्यवंशी (38) ने तेज पारी खेलकर टीम के स्कोर को आगे बढ़ाया, लेकिन 59 रन के स्कोर पर वह भी आउट हो गए। कप्तान श्रेयस अय्यर भी कुछ खास नहीं कर सके और केवल 13 रन बनाकर आउट हो गए। भारत मुश्किल स्थिति में था। ऐसे अहम मोड़ पर, तूफानी बल्लेबाज ईशान किशन ने 80 रनों की जबरदस्त पारी खेली, जिसमें चार चौके और पाँच छक्के शामिल थे।

बाकी बल्लेबाज कोई खास योगदान नहीं दे पाए। अक्षर पटेल (8), तिलक वर्मा (2) और शिवम दुबे (3) दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। वॉशिंगटन सुंदर 7 रन बनाकर नाबाद रहे। भारतीय टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 169 रन बनाए। श्रीलंका की ओर से थरिंदु रत्नायके और सहान अराच्चिगे ने 2-2 विकेट चटकाए। वहीं वानुजा सहान, लसिथ क्रूसपुले और नुवानिदु फर्नांडो को एक-एक विकेट मिला। 170 रन के सम्मानजनक लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही।

ओपनर सिनेथ जयवर्धेना, विकेटकीपर सोहन डी लिवेरा और दूसरे ओपनर लसिथ क्रूसपुले खाता खोले बिना (0 रन पर) बेहद सस्ते में पवेलियन लौट गए। श्रीलंका ने महज 2 रन के स्कोर पर अपने 3 विकेट गंवा दिए थे। इस खराब शुरुआत के बाद पूरी टीम ताश के पत्तों की तरह ढह गई। मध्यक्रम और निचले क्रम में नुवानिदु फर्नांडो (15), सहान अराच्चिगे (9), एशेन बंडारा (0), चमिका करुणारत्ने (4), वानुजा सहान (1), थरिंदु रत्नायके (5) और बिनुरा फर्नांडो (0) भी पूरी तरह फ्लॉप रहे, जबकि विजयकांत वियासकांत 0 रन पर नाबाद रहे।

नुवानिदु के अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सका। पूरी श्रीलंकाई टीम 9.5 ओवर में महज 45 रन पर सिमट गई, जिसमें 11 रन एक्स्ट्रा के शामिल थे। भारत के लिए जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और अभिषेक शर्मा ने दो-दो विकेट लिए और वॉशिंगटन सुंदर ने एक विकेट झटका। भारत अब 3 अक्टूबर को इसी वेन्यू पर स्वर्ण पदक के लिए पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगा। भारतीय फैंस यह आस लगाए होंगे कि महिला टीम की तरह पुरुष टीम भी क्रिकेट में गोल्ड जीते।

रिलेटेड टॉपिक्स