मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज जबलपुर के मानस भवन में आयोजित सफाई मित्र सम्मान समारोह में शामिल हुए, जहाँ उन्होंने स्वच्छता के क्षेत्र में समर्पित सफाई मित्रों को सम्मानित किया। उल्लेखनीय है कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत 10 लाख से अधिक आबादी वाली श्रेणी में जबलपुर ने देश भर में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। इस अवसर की तस्वीरें साझा करते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय के X हैंडल पर लिखा गया, "मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जबलपुर के मानस भवन में आयोजित सफाई मित्र सम्मान समारोह में सहभागिता कर स्वच्छता के क्षेत्र में समर्पण एवं निष्ठा से कार्य करने वाले सफाई मित्रों को सम्मानित किया। साथ ही, स्वच्छ एवं सुंदर समाज के निर्माण में उनके महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की।"
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जबलपुर जिले के अधारताल स्थित बिरसा मुंडा चौक पहुंचकर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें नमन किया। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। इस कार्यक्रम की तस्वीरें X पर साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने लिखा, "आज अधारताल, जबलपुर में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी की प्रतिमा पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। राष्ट्र एवं जनजातीय गौरव के लिए आपका संघर्ष एवं समाज के उत्थान में आपका योगदान सदैव प्रेरणापुंज रहेगा।" अपने दौरे के अगले चरण में मुख्यमंत्री गैरिसन ग्राउंड में आयोजित राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह के शुभारंभ कार्यक्रम में भी शामिल हुए।
गौरतलब है कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती (15 नवंबर) के उपलक्ष्य में मध्य प्रदेश में 14 से 16 नवंबर तक जनजातीय गौरव दिवस समारोह आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत 15 नवंबर को धार जिले के डही में मुख्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा, जहाँ मुख्यमंत्री डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना (Dahi Micro Lift Irrigation Project) का लोकार्पण भी करेंगे। इसी दिन अलीराजपुर जिले के जोबट में भी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं, समापन दिवस यानी 16 नवंबर को खंडवा और शहडोल जिले के ब्योहारी में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होंगे।