आज 14 नवंबर को भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और सोनिया गांधी सहित कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने X पर पंडित नेहरू की जयंती पर नमन करते हुए कहा कि आजादी उनकी मंजिल नहीं बल्कि देश के नए सफर का मुकाम थी और स्वराज सत्ता नहीं बल्कि हर नागरिक की भागीदारी तथा देश के भविष्य की जिम्मेदारी थी।
उन्होंने कहा कि भारत उनके लिए एक खोज और एक विचार था जिसकी शक्ति विविधता, विश्वास लोकतंत्र और आधार समानता था। राहुल गांधी ने आगे कहा कि एक आधुनिक, वैज्ञानिक, प्रगतिशील और आत्मविश्वासी भारत का उनका सपना आज भी प्रेरणा है और उस सपने के भारत की ओर किया जाने वाला प्रयास ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और सोनिया गांधी ने शांतिवन जाकर पंडित नेहरू को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी वहां उपस्थित थे। अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया पर लिखा कि पंडित नेहरू ने आजादी के बाद के कठिन दौर में देश की नींव रखी। उन्होंने लोकतंत्र की जड़ें मजबूत कीं और वैज्ञानिक सोच को आगे बढ़ाया। आईआईटी, एम्स और बड़े बांध जैसे आधुनिक भारत के मंदिर उन्हीं की दूरदृष्टि की देन है। देश को आत्मनिर्भर बनाने का जो सपना उन्होंने देखा था, वही आज भी हमें दिशा देता है।
वहीं, प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी X पर उन्हें एक विलक्षण व्यक्ति, क्रांतिकारी, दूरदर्शी और राष्ट्र-निर्माता बताते हुए कहा कि उनके निधन के साठ साल से अधिक समय बाद भी, जो लोग संविधान और लोकतंत्र को नष्ट करना चाहते हैं, वे आज भी उन पर हमले करते है, जो भारत के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने यह कामना भी की कि देश के प्रति नेहरू का प्रेम सदैव सबका मार्गदर्शन करता रहे।
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी सोशल मीडिया पर पंडित नेहरू की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान और स्वतंत्र भारत के पहले प्रधानमंत्री के रूप में उनके नेतृत्व ने राष्ट्र के शुरुआती वर्षों पर एक अमिट छाप छोड़ी है।