भारत समिट में राहुल गांधी ने भाजपा पर साधा निशाना, 2014 में लोकतंत्र नष्ट करने का लगाया आरोप

राहुल गांधी ने कहा, "मैं आपको पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूँ कि हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनावी मैदान में पराजित करने जा रहे हैं और देश को इस शासन से मुक्ति दिलाने जा रहे हैं। इस बदलाव की आहट आप साफ देख सकते हैं, देश की सड़कों पर, राजधानी दिल्ली के माहौल में और उस बेचैनी व डर में जो आज प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के चेहरों पर स्पष्ट दिखाई दे रहा है। जनता अपना मन बना चुकी है और यह बदलाव अब तय है।"

भारत समिट में राहुल गांधी ने भाजपा पर साधा निशाना, 2014 में लोकतंत्र नष्ट करने का लगाया आरोप

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भारत समिट समापन सत्र को संबोधित किया।

Share:

Highlights

  • राहुल गांधी ने चुनावी प्रक्रिया में 14 करोड़ मतदाताओं को बाहर किए जाने का दावा किया।
  • राहुल गांधी ने भाजपा की संपत्ति में पिछले एक दशक में 11 गुना बढ़ोतरी होने की बात कही।
  • राहुल गांधी ने दावा किया की हम चुनावी मैदान में प्रधानमंत्री मोदी को पराजित कर देंगे।

तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद स्थित हैदराबाद इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर (HICC) में 13 और 14 नवंबर को दो दिवसीय भारत समिट का आयोजन किया गया। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने इसके समापन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि आज कॉरपोरेट जगत से लेकर शिक्षा के क्षेत्र तक ऐसे लोग नेतृत्व में बैठे हैं, जिन्हें लगता है कि वो सब कुछ जानते हैं। राजनीति में हम इन्हें फासीवादी (Fascist) कहते हैं।

फासीवादी अक्सर चिल्लाते हैं। वे शोर मचाते हैं, चीखते-चिल्लाते हैं, लेकिन किसी की सुनते नहीं हैं। आम लोग (बहुसंख्यक) दूसरों की बात सुनते हैं, ध्यान देते हैं और विनम्र होते हैं। इसलिए फासीवादियों की आवाज ज्यादा तेज सुनाई देती है। 

इतिहास गवाह है कि जब भी व्यवस्थाएं चरमरा जाती हैं, तो ये फासीवादी अचानक कहीं से भी सामने आ जाते हैं। पिछले एक दशक से, ये फासीवादी खुलेआम घूम रहे हैं, उछल-कूद कर रहे हैं, शोर मचा रहे हैं और चीख-चिल्ला रहे हैं। 2014 में, हमने एक बिल्कुल नया चुनाव देखा, कुछ ऐसा जो हमने पहले कभी नहीं देखा था। राजनीतिक व्यवस्था में करोड़ों-अरबों डॉलर झोंक दिए गए। 

चुनावी व्यवस्था, जिसमें अक्सर कड़े मुकाबले और गठबंधन देखने को मिलते थे, वह अचानक पूरी तरह बदल गई। अगर मैं कहूं कि विपक्ष सदमे में था, तो यह गलत नहीं होगा। भारतीय राजनीति में एक दशक से संकट चल रहा था। फिर अचानक, हमें पता चला कि असल में क्या हो रहा था। हमने इसे समझा और बिना किसी शक के यह साबित कर दिया कि 2014 में भारत में लोकतंत्र को नष्ट कर दिया गया था।

हमने गहराई से विश्लेषण कर यह स्पष्ट किया है कि 2014 में भारत के लोकतांत्रिक ढांचे को गहरी चोट पहुंचाई गई। उदाहरण के लिए, 2024 के लोकसभा चुनावों से कुछ महीने पहले करीब 140 मिलियन (14 करोड़) मतदाताओं को गैर-मतदाता या अस्तित्वहीन घोषित कर दिया गया। जब निर्वाचन आयोग इतनी बड़ी संख्या में मतदाताओं को प्रक्रिया से बाहर कर दे, तो उस चुनाव की वैधता पर सवाल उठना लाजिमी है।

महाराष्ट्र का ताजा उदाहरण हमारे सामने है, जहां आम चुनाव में हमारा गठबंधन विजयी रहा, लेकिन महज तीन महीने बाद विधानसभा चुनाव में हमारी करारी हार हुई। जब हमने आंकड़ों की गहराई से जांच की, तो पाया कि दोनों चुनावों में हमें मिलने वाले वोट प्रतिशत में कोई अंतर नहीं था, लेकिन तीन महीने के भीतर अचानक 7 मिलियन (70 लाख) नए मतदाता जुड़ गए और वे सभी एक ही दल (भाजपा) के पक्ष में गए।

आज हमारे देश में एक बिजनेसमैन है। भाजपा के सत्ता में आने से पहले, वह दुनिया के 600वें सबसे अमीर व्यक्ति थे। कुछ महीने पहले, वह दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति बन गए। वह इतने अमीर कैसे बन गए? राजनीति और व्यापार के फ्यूजन से। व्यापार और राजनीति के बीच, यानी अदाणी और प्रधानमंत्री मोदी के बीच की रेखा अब मिट चुकी है। अब वह बची ही नहीं है। इसका असर आप राजनीतिक फंडिंग में देख सकते हैं। अदाणी द्वारा हासिल की गई संपत्ति में भी इसका असर दिखता है। नतीजा यह है कि एक दशक में भाजपा की संपत्ति 11 गुना बढ़ गई है।

हमने महसूस किया कि मीडिया, प्रेस कॉन्फ्रेंस, इंटरव्यू और रैलियों जैसे हमारे पारंपरिक राजनीतिक तौर-तरीके अब असरदार नहीं रहे। हमें संस्थागत स्तर पर समर्थन नहीं मिला और सत्ता पक्ष के मुकाबले हमारी पहुंच सीमित कर दी गई। इसके बावजूद, हमारा यह दृढ़ विश्वास है कि संस्थाओं और असीमित पूंजी पर नियंत्रण करने वाली ताकतों के मुकाबले, देश की आम जनता के साथ हमारा सीधा और सच्चा संवाद कहीं अधिक शक्तिशाली है।

राहुल गांधी ने कहा, "मैं आपको पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूँ कि हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनावी मैदान में पराजित करने जा रहे हैं और देश को इस शासन से मुक्ति दिलाने जा रहे हैं। इस बदलाव की आहट आप साफ देख सकते हैं, देश की सड़कों पर, राजधानी दिल्ली के माहौल में और उस बेचैनी व डर में जो आज प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के चेहरों पर स्पष्ट दिखाई दे रहा है। जनता अपना मन बना चुकी है और यह बदलाव अब तय है।"

रिलेटेड टॉपिक्स