तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद स्थित हैदराबाद इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर (HICC) में 13 और 14 नवंबर को दो दिवसीय भारत समिट का आयोजन किया गया। इसमें शामिल होने के लिए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी हैदराबाद पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। समिट के समापन सत्र से पहले कांग्रेस नेता और पंजाब कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट ने कहा कि यहाँ आने वाले सभी लोग भारत की बहुत तारीफ कर रहे हैं।
वे अलग-अलग समूहों, विचारधाराओं और राजनीतिक दलों का प्रतिनिधित्व करते हैं, जो दुनिया भर में हिंसा को खत्म करने, युद्धविराम, शांति बहाली और जन कल्याण को बढ़ावा देने की वकालत करते हैं। हमारा मानना है कि भारत की ताकत को और मजबूत किया जाना चाहिए और इसे दुनिया के सामने पेश किया जाना चाहिए। वहीं कांग्रेस के राज्यसभा सांसद प्रवीण चक्रवर्ती ने कहा कि मुझे समिट का हिस्सा बनकर बहुत खुशी हो रही है। यह इसका दूसरा साल है और मैं लगातार दूसरे साल इसमें शामिल हो रहा हूँ।
हमने इक्वाडोर, थाईलैंड और नॉर्वे के वरिष्ठ राजनीतिक नेताओं के साथ प्रगतिशील उदारवादी दलों के लिए नए और रचनात्मक विचारों पर बहुत शानदार चर्चा की। मुझे लगता है कि इस तरह के आयोजन बेहद महत्वपूर्ण और उपयोगी होते हैं, जहाँ विचारों का आदान-प्रदान हो सकता है और हम सभी एक-दूसरे से बेहतरीन तौर-तरीके सीख सकते हैं। उदाहरण के लिए, हमने ब्राजील के चुनावों के बारे में बात की। वहाँ के एक राजनेता ने बताया कि कैसे वे पहला दौर हारने के बाद भी ब्राजील का चुनाव जीत गए। इस तरह के विचार वाकई बहुत काम के होते हैं।
वहीं कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि उन्हें विश्व भर से आए प्रतिनिधियों से संवाद करने का अवसर मिला। वर्तमान में दुनिया भर के नागरिकों के सामने कई गंभीर चुनौतियां हैं, जिनमें सबसे बुनियादी समस्या यह है कि जब नागरिक अपनी सरकारों से सवाल पूछते हैं, तो सरकारें जवाब देने के बजाय उनके सवाल पूछने के अधिकार पर ही प्रहार करती हैं। कई क्षेत्रों में लोकतंत्र को कमजोर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे नाजुक समय में, पिछले दो दिनों के दौरान इस बात पर हुई चर्चा बहुत महत्वपूर्ण रही है कि विभिन्न क्षेत्रों में लोग और राजनीतिक दल लोकतंत्र की रक्षा के लिए कैसे एकजुट हो रहे हैं।
इस समिट के आयोजन स्थल पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन भी किया। उन्होंने राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उन्हें वापस जाने के लिए कहा, जिसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर स्थानीय थानों में भेज दिया। इससे पहले, तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव को उनके आवास पर नजरबंद कर दिया गया था। उन्होंने समिट और राहुल गांधी का विरोध करते हुए आरोप लगाया था कि यह आयोजन भारत-विरोधी ताकतों को मंच दे रहा है। भाजपा का यह भी आरोप है कि कांग्रेस विधानसभा चुनाव के वादों को पूरा करने में विफल रही है और राज्य में राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों को बढ़ावा दे रही है।