भारतीय जनता पार्टी (BJP) के 'लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ' अभियान के तहत आज उत्तर प्रदेश में व्यापक पदयात्राएं निकाली गईं। राजधानी लखनऊ में इस मार्च का नेतृत्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया। उनके साथ उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। वहीं, इसी अभियान के तहत बरेली में भी पदयात्रा निकाली गई, जिसकी अगुवाई केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने की। इस दौरान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी उपस्थित रहे।
लखनऊ वाली पदयात्रा की कुछ तस्वीरें X पर शेयर करते भाजपा उत्तर प्रदेश ने लिखा, "केन्द्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष श्री पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री श्री बृजेश पाठक एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री धर्मपाल सिंह ने लखनऊ में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के अंतर्गत लोक भवन से परिवर्तन चौक तक आयोजित विशाल पदयात्रा में सहभागिता की एवं उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित किया।"
पदयात्रा के दौरान मीडिया से बात करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह सत्याग्रह लोकतंत्र को बचाने और अराजकता को हटाने के लिए है। देश को तीन बार तोड़ने की, बांटने की कोशिश हुई है। 1905 में लॉर्ड कर्जन द्वारा, 1947 में मोहम्मद अली जिन्ना द्वारा और अब कांग्रेस तथा इंडिया गठबंधन, जिसमें समाजवादी पार्टी और अन्य दल शामिल हैं, देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं और सत्ता परिवर्तन का सपना देख रहे हैं।
लेकिन, लोगों का यह जनसैलाब संकल्पबद्ध है कि वह किसी भी कीमत पर लोकतंत्र को कमजोर नहीं होने देगी। लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भरोसा है, जिन्हें करोड़ों नागरिक प्यार करते हैं। कांग्रेस पहले भी आपातकाल लगाकर लोकतंत्र को नष्ट करने का पाप कर चुकी है और अब वह किसी भी कीमत पर ऐसा दोबारा करने में सफल नहीं होगी।
इस बीच, बरेली में हुए कार्यक्रम का एक वीडियो X पर साझा करते हुए जेपी नड्डा ने लिखा, "ये जो रिजीम चेंज की बात करते हैं, उन्हें याद रखना चाहिए कि यह एक प्रजातांत्रिक देश है। चुनाव आएंगे, दो-दो हाथ कर लेना। भारत की जनता तय करेगी कि किसे वोट देना है और किसे नहीं। जब मैं इंडी गठबंधन की बात करता हूँ, तो उसमें चार ऐसे नेता हैं, जो बेल पर हैं और 13 ऐसे नेता हैं, जिनके ऊपर भ्रष्टाचार के आरोप हैं। यही है इंडी गठबंधन!"