जापान में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में 30 सितंबर का दिन भारत के लिए दो शानदार गोल्ड मेडल लेकर आया। तीरंदाजी की महिला कंपाउंड टीम स्पर्धा में भारत की चिकिता तनिपार्थी, ज्योति सुरेखा वेन्नम और पृथिका प्रदीप की तिकड़ी ने फाइनल मुकाबले में चीन को 238-234 से शिकस्त देकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इसके बाद, कंपाउंड मिक्स्ड टीम इवेंट में साहिल जाधव और चिकिता तनिपार्थी की भारतीय जोड़ी ने रोमांचक शूट-ऑफ में दक्षिण कोरिया को हराकर देश को एक और स्वर्ण पदक दिलाया। नियमित सेट के बाद दोनों टीमें 157-157 की बराबरी पर थीं। इस जीत के साथ ही उन्होंने LA 2028 के लिए भारत का कोटा भी पक्का कर लिया है।
भारत के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मान्डविया ने X पर लिखा कि भारत को स्वर्ण मिल गया है और उन्होंने एशियन गेम्स में कंपाउंड मिक्स्ड टीम इवेंट में गोल्ड जीतने पर साहिल राजेश जाधव तथा चिकिता तनिपार्थी को ढेरों बधाइयाँ दीं। उन्होंने यह भी कहा कि यह एक बहुत बड़ी जीत है जिससे भारत का LA28 ओलंपिक कोटा भी पक्का हो गया है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने भी लिखा, "भारतीय तीरंदाजों ने कमाल कर दिखाया है !! एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल जीतने पर साहिल जाधव और चिकिता तनिपार्थी की कंपाउंड मिक्स्ड आर्चरी टीम को बधाई।"
29 सितंबर को भारत ने एक और स्वर्ण पदक हासिल किया। महिलाओं की 4x400 मीटर रिले रेस में, किरण पहल, पूवम्मा मचेत्तिरा, प्राची चौधरी और विथ्या रामराज की भारतीय टीम ने 3:29.69 के समय के साथ गोल्ड मेडल जीता। बहरीन 3:30.21 के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहा, जबकि चीन ने 3:31.02 के समय के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं मिक्स्ड 4x100 मीटर रिले रेस में भारत के गुरिंदरवीर सिंह, स्नेहा सत्यनारायण शानुवल्ली गौड़ा, अनिमेष कुजूर और हरिता भद्रा की टीम ब्रॉन्ज मेडल हासिल करने में कामयाब रही।
पुरुषों की 4x400 मीटर रिले रेस में, विशाल टी.के., मनु टी.एस., धर्मवीर चौधरी और जय कुमार की भारतीय टीम ने भी ब्रॉन्ज मेडल जीता, जबकि भारत के गुलवीर सिंह ने पुरुषों की 5,000 मीटर रेस में गोल्ड मेडल जीता। इससे पहले, गुलवीर पुरुषों की 1,500 मीटर और 10,000 मीटर इवेंट्स में भी सिल्वर मेडल जीत चुके थे। ताजा घटनाक्रम में, भारतीय बॉक्सर प्रिया घणघस ने 60 किलोग्राम वर्ग के सेमीफाइनल में चीन की यांग चेंग्यू से 1-4 से हारने के बाद ब्रॉन्ज मेडल के साथ अपना सफर खत्म किया हैं।