ईद पर ममता बनर्जी ने दिया भाईचारे का संदेश, भाजपा पर बोला तीखा हमला

ईद के मौके पर कोलकाता में नमाज के बाद ममता बनर्जी ने लोगों को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार और भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने SIR में नाम काटने, राज्य के अधिकारों में दखल देने और राष्ट्रपति शासन लगाने की कोशिश का मुद्दा उठाया। उन्होंने साफ कहा कि वह हर समुदाय के साथ खड़ी हैं और बंगाल के अधिकारों की लड़ाई जारी रखेंगी। इस दौरान अभिषेक बनर्जी ने भी एकता और भाईचारे पर जोर देते हुए कहा कि बंगाल में सभी धर्मों के लोग मिलकर रहते हैं और इसे कोई तोड़ नहीं सकता।

ईद पर ममता बनर्जी ने दिया भाईचारे का संदेश, भाजपा पर बोला तीखा हमला

कोलकाता के रेड रोड पर हुई नमाज के बाद उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए सख्त तेवर दिखाए।

Share:

Highlights

  • मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ईद के मौके पर भाजपा और नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला।
  • उन्होंने SIR और अधिकारों को लेकर केंद्र सरकार पर लोगों का हक छीनने का आरोप लगाया।
  • अभिषेक बनर्जी ने भी अपने भाषण में भाईचारे और एकता का संदेश दिया।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक बार फिर भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। कोलकाता के रेड रोड पर हुई नमाज के बाद उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए काफी सख्त तेवर दिखाए। उन्होंने केंद्र सरकार और भाजपा पर बंगाल के लोगों का हक छीनने के आरोप लगाए। अपने भाषण में उन्होंने कहा, "SIR में लोगों के नाम काट दिए गए। मैं इसके लिए कोलकाता से दिल्ली, कोलकाता हाई कोर्ट से सुप्रीम कोर्ट तक गई। मुझे उम्मीद है कि लोगों के अधिकार सुरक्षित रहेंगे। मैं बंगाल में सभी जातियों, समुदायों और धर्मों के साथ खड़ी हूं। मैं यह लड़ाई जारी रखूंगी। हम मोदी जी को अपने अधिकार नहीं छीनने देंगे। आप हमारी सरकार को जबरदस्ती कंट्रोल करने की कोशिश कर रहे हैं, आप राष्ट्रपति शासन लगाना चाहते हैं। फिर भी, हम डरेंगे नहीं। जो डरते हैं, वो मरते हैं। जो लड़ते हैं, वो जिंदगी में कामयाब होते हैं।"

उन्होंने कहा, "भाजपा चोरों और गुंडों की पार्टी है, गद्दारों की पार्टी है। कुछ गद्दार ऐसे भी हैं जो वोट बांटने के लिए भाजपा से पैसे लेते हैं। उनसे मैं कहूंगी, मुद्दई लाख बुरा चाहे तो क्या होता है, वही होता है जो मंजूर-ए-खुदा होता है।" मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, "सरफरोशी की रोशनी अब हमारे दिल में है, देखना है जोर कितना बाजू-ए-कातिल में है। अल्लाह आपका भला करे। भारत और बंगाल की समृद्धि हो। जो लोग बंगाल को निशाना बनाते हैं, वे नरक में जा सकते हैं। खुदी को कर बुलंद इतना कि हर तकदीर से पहले, खुदा बंदे से खुद पूछे कि बता, तेरी रजा क्या है। हमारा एक ही इरादा है, भाजपा को हटाना और देश की रक्षा करना।”

इस मौके पर तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने भी वहां मौजूद लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा, "मैं आपके त्योहारों की खुशियों में शामिल होऊंगा और आप मेरी खुशियों में शामिल होंगे, यही बंगाल की संस्कृति है। रमजान में "राम" हैं और दिवाली में "अली" हैं। जिस चांद को देखकर हम ईद मनाते हैं, उसी चांद को देखकर हम करवा चौथ भी मनाते हैं। जो लोग यह सोचते हैं कि वे लोगों के नाम लिस्ट से हटा देंगे, उन्हें बेघर कर देंगे और देश से बाहर निकाल देंगे, जो भाइयों को आपस में लड़ाते हैं, उनसे मैं कहना चाहूंगा कि कोई भी उनके आगे झुकेगा नहीं। राहत इंदौरी ने कहा था, किराएदार हैं, जाती मकान थोड़ी है, सभी का खून है शामिल यहां की मिट्टी में, किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है। यह देश जितना आपका है, उतना ही मेरा भी है।"

उन्होंने आगे कहा, "जो लोग हिंदुओं और मुसलमानों को एक-दूसरे के खिलाफ भड़काते हैं और उन्हें आपस में लड़ाते हैं, वे जितनी चाहें उतनी कोशिश कर लें, बंगाल का भाईचारा कायम रहेगा। कोई कहता है, हिंदू खतरे में हैं। कोई और कहता है, मुसलमान खतरे में हैं। मैं उनसे कहूंगा, अपने धार्मिक चश्मे उतार दें, पूरा भारत खतरे में है।"

रिलेटेड टॉपिक्स