तमिलनाडु की राजनीति से बड़ी खबर सामने आई है। तमिलनाडु कांग्रेस ने राज्य में एक सेक्युलर सरकार बनाने में तमिलगा वेट्री कळगम (TVK) नेता विजय का समर्थन करने का फैसला किया है। बता दें कि 2026 के चुनाव में, TVK 108 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। हालांकि ये मेजोरिटी के आंकड़े 118 से कम है। साधारण बहुमत से सरकार बनाने के लिए उन्हें अब भी 10 विधायकों के समर्थन की आवश्यकता है। कांग्रेस के 5 विधायकों के साथ ये आंकड़ा 113 तक पहुंच जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, नेशनल डेमोक्रेटिक अलायन्स (NDA) की मेंबर पार्टी, पट्टाली मक्कल काची (PMK) के चारों विजयी विधायकों ने भी विजय से मुलाकात की है। इससे पूर्व मीडिया से बात करते हुए ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव (संगठन) के. सी. वेणुगोपाल ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि, "TVK के अध्यक्ष थिरु विजय ने तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए कांग्रेस से समर्थन का अनुरोध किया है। कांग्रेस का रुख स्पष्ट है कि तमिलनाडु में जनादेश एक ऐसी सेक्युलर सरकार के पक्ष में है, जो संविधान की रक्षा के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हो।"
उन्होंने आगे कहा कि, "इस बात पर दृढ़ है कि वह BJP और उसके सहयोगियों को किसी भी तरह से तमिलनाडु की सरकार चलाने की अनुमति नहीं देगी। थिरु विजय ने पेरुंथलाइवर कामराज से प्रेरणा लेने की बात भी कही है। इसी के अनुरूप, कांग्रेस नेतृत्व ने तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी (TNCC) को निर्देश दिया है कि वह चुनावी नतीजों में परिलक्षित राज्य की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए, थिरु विजय के अनुरोध पर अंतिम निर्णय ले।" इस संबंध में आज एक प्रेस वार्ता भी की जानी है।"
आज कुछ समय पूर्व, AICC ने एक आधिकारिक बयान भी जारी किया है, जिसमें उन्होंने लिखा है कि, "तमिलगा वेट्री कळगम (TVK) के अध्यक्ष विजय ने औपचारिक रूप से कांग्रेस से तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए अपना समर्थन देने का अनुरोध किया है। तमिलनाडु प्रदेश कांग्रेस कमेटी (TPCC) और कांग्रेस विधायक दल (CLP) ने TVK को सरकार बनाने के लिए अपना पूरा समर्थन देने का फैसला किया है। हमारा समर्थन इस शर्त पर होगा कि TVK इस गठबंधन से उन सभी सांप्रदायिक ताकतों को बाहर रखेगा जो भारत के संविधान में विश्वास नहीं रखतीं। TVK और तमिलनाडु कांग्रेस के बीच यह गठबंधन आने वाले वर्षों और दशकों में, थंथाई पेरियार के सामाजिक न्याय के आदर्शों और डॉ. बी.आर. अंबेडकर के संवैधानिक आदर्शों के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता के साथ, तमिलनाडु में पेरुंथलाइवर कामराज के गौरवशाली दिनों को वापस लाने का प्रयास करेगा।"
एक और दिलचस्प घटनाक्रम में, NDA की ही एक और सदस्य, ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कळगम (AIADMK) के 47 विधायकों में से एक बड़ी संख्या अब यह मांग कर रही है कि सरकार गठन की चल रही प्रक्रिया में पार्टी, विजय और उनकी पार्टी TVK को अपना समर्थन दे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यदि जल्द ही कोई फैसला नहीं लिया गया, तो 30 से अधिक विधायक पार्टी से अलग होकर स्वतंत्र रूप से TVK का समर्थन कर सकते हैं। राज्य में सरकार गठन के मुद्दे पर मीडिया से बात करते हुए तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने कहा, "मुझे TVK से एक पत्र मिला है। वे शाम को मुझसे मिलेंगे। उनके कहा है कि उनके पास बहुमत है।"