टी-20 विश्व कप का रोमांच अपने चरम पर है। आज यानी 4 मार्च को कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच पहला सेमीफाइनल मुकाबला खेला जाना है। ये मैच दोनों देशों के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बेहद खास है क्योंकि दोनों ही टीमें अब तक एक बार भी टी-20 विश्व कप की ट्रॉफी नहीं उठा पाई हैं। आज का यह मुकाबला सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि इतिहास रचने की जंग है।
दक्षिण अफ्रीका की टीम इस पूरे टूर्नामेंट में एक शेर की तरह दहाड़ रही है। एडन मार्करम की कप्तानी में अब तक यह टीम अजेय रही है और सुपर-8 में भारत, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे को हराकर सेमीफाइनल में पहुंची है। टीम में क्विंटन डी कॉक, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर और ट्रिस्टन स्टब्ज जैसे दमदार बल्लेबाज हैं, जबकि गेंदबाजी में एनरिक नॉर्खिया, कगिसो रबाडा, केशव महाराज, लुंगी एंगीडी और मार्को जेनसन विपक्षियों के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकते हैं। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका की टीम 2024 के टी-20 विश्व कप के फाइनल में पहुंची थी, जहाँ उन्हें भारत के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
दूसरी तरफ न्यूजीलैंड की टीम है, जिसे बड़े मैचों का माहिर माना जाता है। मिचेल सेंटनर की अगुवाई में न्यूजीलैंड की टीम ने उतार-चढ़ाव भरे सफर के बाद सेमीफाइनल में जगह बनाई है। आईसीसी नॉकआउट मुकाबलों में न्यूजीलैंड का पलड़ा दक्षिण अफ्रीका पर भारी रहा है, हालांकि ओवरऑल टी-20 रिकॉर्ड में अफ्रीकी टीम ज्यादा मजबूत दिखी है। रचिन रवींद्र और फिन एलेन जैसे युवा खिलाड़ी टीम की जान हैं, जबकि न्यूजीलैंड की अनुशासित गेंदबाजी और शानदार फील्डिंग इस हाई-वोल्टेज मुकाबले को और रोमांचक बना सकती है।
कोलकाता के ईडन गार्डन्स की पिच बल्लेबाजों के लिए अच्छी मानी जाती है। यहां बड़े स्कोर बनने की काफी संभावना है। आज बारिश के आसार बहुत कम ही हैं, जिससे दर्शकों को पूरे 40 ओवर का रोमांच देखने को मिलेगा। अगर मैच में बारिश बाधा डालती है, तो इसके लिए 5 मार्च का दिन रिजर्व डे के तौर पर भी रखा गया है।