दुबई से तेल अवीव जा रही एक फ्लाइट में कल कुछ ऐसा हुआ, जो किसी फिल्मी कहानी जैसा लगता है। आसमान में हजारों फीट की ऊंचाई पर एक भयानक हादसा होने से टल गया और इसके हीरो बने भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार। कैप्टन स्मित ने अपनी जान की परवाह किए बिना सूझबूझ और बहादुरी दिखाते हुए 170 से अधिक पैसेंजर्स की जान बचाई। उनकी इस निडरता की चर्चा आज पूरी दुनिया में हो रही है।
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने X पर एक पोस्ट में लिखा, "मैं भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार को उनकी असाधारण बहादुरी के लिए सलाम करता हूँ। चाकू लगने और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद, उन्होंने मुकाबला किया, हिम्मत नहीं हारी, कॉकपिट का दरवाजा खोला और यात्रियों व क्रू को हमलावर पर काबू पाने में मदद की, जिससे हवा में एक बड़ी दुर्घटना टल गई। उन्होंने इजराइली नागरिकों और अन्य देशों के लोगों समेत 174 लोगों की जान बचाई। मैं कैप्टन मच्छार के जल्द और पूरी तरह ठीक होने की कामना करता हूँ। वह एक सच्चे हीरो हैं।"
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी X पर लिखा, "कैप्टन स्मित मच्छार एक हीरो हैं। सबसे बड़े खतरे का सामना करते हुए और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद, उन्होंने दूसरों की जान बचाने के लिए बहुत हिम्मत और अटूट संकल्प दिखाया। उनकी बहादुरी से सैकड़ों लोगों की जान बची और एक बड़ी त्रासदी टल गई। भारत को कैप्टन मच्छार पर गर्व है। उनके जल्द ठीक होने, नई ताकत पाने और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना है।" रिपोर्ट्स की मानें तो प्रधानमंत्री मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार की पत्नी और माता-पिता से भी बात की है। प्रधानमंत्री ने कैप्टन स्मित की बहादुरी की तारीफ की, जिससे सैकड़ों लोगों की जान बची। प्रधानमंत्री ने इस बात पर भी जोर दिया कि भारतीय मिशन हर संभव मदद पहुंचा रहे हैं।
कैप्टन स्मित की तारीफ करते हुए गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्रभाई पटेल ने X पर लिखा, "गुजरात और पूरे देश को बहुत गर्व है! आसमान में कैप्टन स्मित मच्छार ने जो अदम्य साहस और वीरता दिखाई, वह सचमुच कल्पना से परे है। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद, उन्होंने हमलावर का मुकाबला किया, एक बड़ी त्रासदी को टाला और 174 यात्रियों की जान बचाई। वे एक गौरवान्वित भारतीय हैं और उनकी रगों में गुजराती खून दौड़ता है, जो हमारी दृढ़ता और साहस का सच्चा उदाहरण है। गुजराती मूल के इस बहादुर बेटे ने वैश्विक मंच पर पूरे देश का मान बढ़ाया है। मैं उनकी असाधारण वीरता को सलाम करता हूँ और उनके जल्द और पूरी तरह से ठीक होने की कामना करता हूँ। जय हिंद! जय-जय गरवी गुजरात!"
वहीं, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी X पर लिखा, "सलाम! मुंबई के बेटे कैप्टन स्मित मच्छार पर बहुत गर्व है, जो एक सच्चे हीरो हैं। उन्होंने इतने शानदार और असाधारण तरीके से सैकड़ों लोगों की जान बचाई! बुरी तरह घायल होने के बावजूद, दुबई से तेल अवीव की उड़ान के दौरान स्मित ने जिस सूझ-बूझ और हिम्मत का परिचय दिया, वह मिसाल कायम करने वाला है। मैं उन सभी यात्रियों को भी सलाम करता हूँ जिन्होंने मुश्किल हालात को संभालने और सुरक्षित निकलने के लिए तुरंत एक टीम की तरह काम किया। स्मित के जल्द ठीक होने और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूँ! आप एक प्रेरणा हैं। महाराष्ट्र और भारत को आप पर गर्व है!"
जानकारी के मुताबिक, ये दिल दहला देने वाली घटना फ्लाईदुबई एयरलाइन्स की एक फ्लाइट की है, जो दुबई से तेल अवीव जा रही थी। इस फ्लाइट में इजराइली यात्री भी सवार थे। रास्ते में अचानक कॉकपिट में एक खूनी संघर्ष शुरू हो गया।
फ्लाइट के ओमानी को-पायलट ने अपने ही कैप्टन स्मित मच्छार पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। रिपोर्ट्स की मानें तो, उस को-पायलट का इरादा विमान के सिस्टम को खराब करके उसे क्रैश करने का था। इस अचानक हुए हमले में स्मित बुरी तरह घायल हो गए। इस हमले और हाथापाई की वजह से विमान का संतुलन बिगड़ गया और वह सिर्फ एक मिनट के अंदर करीब 14,000 फीट नीचे की ओर गिर गया, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। लेकिन गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद, कैप्टन स्मित ने हिम्मत बिल्कुल नहीं हारी।
उन्होंने प्लेन का कंट्रोल पूरी तरह से आरोपी के हाथों में नहीं जाने दिया और अपनी पूरी ताकत लगाकर उसका कड़ा मुकाबला किया। वे कॉकपिट का दरवाजा खोलने में भी कामयाब रहे। इसी बीच विमान के कुछ क्रू मेंबर्स और यात्रियों ने कॉकपिट में घुसकर हमलावर को किसी तरह काबू में किया। इसके बाद स्मित ने अपनी सूझबूझ और अनुभव का इस्तेमाल करते हुए विमान को सुरक्षित रूप से सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर उतार दिया। विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद कैप्टन स्मित को अस्पताल ले जाया गया। हमलावर को-पायलट को गिरफ्तार कर लिया गया है और इस मामले की गहराई से जांच जारी है।