मुकुल चौधरी ने KKR के खिलाफ खेली यादगार पारी, कई संघर्षों से जूझकर पहुंचे IPL के मंच तक

2026 के IPL ऑक्शन में LSG द्वारा मुकुल चौधरी को 2.6 करोड़ रूपए में खरीदा गया था। जब उनसे पूछा गया कि वो इस धनराशि का क्या करेंगे, तो उनका जवाब था कि वे अपने पिता के सारे कर्ज चुकाएंगें और उनके लिए एक नया घर बनाएंगें।

मुकुल चौधरी ने KKR के खिलाफ खेली यादगार पारी, कई संघर्षों से जूझकर पहुंचे IPL के मंच तक

54* रनों की मैच विनिंग पारी खेलकर उन्होंने अपने पिता को मिले हर ताने का जवाब दे दिया।

Share:

Highlights

  • 27 गेंदों में 54 रनों की शानदार पारी खेलकर मुकुल चौधरी ने लखनऊ को 3 विकेट से जीत दिलाई।
  • मुकुल को क्रिकेटर बनाने के लिए उनके पिता दलीप चौधरी ने अपना घर तक बेच दिया।
  • समय पर लोन की किस्तें न चुका पाने के कारण दलीप को जेल भी जाना पड़ा।

राजस्थान के झुंझुनू जिले से इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के बड़े मंच तक पहुंचने वाले मुकुल चौधरी का सफर किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बीच खेले गए एक रोमांचक मुकाबले में मुकुल ने जो धमाकेदार पारी खेली, उससे उनका नाम सबकी जुबान पर आ गया है। 182 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी LSG, एक समय पर 128 रन पर 7 विकेट गंवा चुकी थी, लेकिन मुकुल के इरादे कुछ और ही थे। मात्र 27 गेंदों में 54 रनों की शानदार पारी खेलकर उन्होंने लखनऊ को 3 विकेट से जीत दिला दी। उनकी इस अद्भुत पारी में 2 चौंके और 7 छक्के शामिल थे। उन्हें "मैन ऑफ द मैच" भी चुना गया और इस समय उनका नाम भी बहुत चर्चा में है। 

हालांकि ये ख्याति उन्हें इतनी आसानी से नहीं मिली। इसके पीछे भी एक लंबा संघर्ष छिपा हुआ है। मुकुल के बारे में बात करते हुए उनके पिता दलीप ने बताया कि, "मेरा एक सपना था कि अगर कभी मेरा बेटा हुआ, तो वह क्रिकेट खेलेगा। मुझे बेटे का सुख मिला और बहुत कम उम्र से ही मैंने तय कर लिया था कि उसे क्रिकेटर बनाने के लिए मैं हर संभव प्रयास करूँगा।"

उन्होंने आगे बताया, "साल 2016 में, एक अच्छी एकेडमी की तलाश में मुकुल और मैं सीकर में SBS Crickhub पहुँचे, जो हमारे घर से करीब 70 किलोमीटर की दूरी पर था। जब मैंने उसे एकेडमी में दाखिला दिलवाया, तो मुझे एहसास हुआ कि मेरे पास पर्याप्त पैसे नहीं हैं, इसलिए मैंने अपना घर बेचने का फैसला किया। घर बेचने के बाद मुझे 21 लाख रूपए मिले। अगले साल, मैंने एक होटल शुरू किया और एक और लोन ले लिया। मैं समय पर लोन की किस्तें नहीं चुका पाया और मुझे जेल भी जाना पड़ा, लेकिन मैंने कभी कोई धोखाधड़ी नहीं की। मेरे सभी रिश्तेदारों ने मेरा साथ छोड़ दिया। वे मुझे पागल कहते थे और कहते थे, "तुमने अपनी जिंदगी तो बर्बाद कर ही ली है, अब अपने बेटे को तो बख्श दो।"

2026 के IPL ऑक्शन में LSG द्वारा मुकुल चौधरी को 2.6 करोड़ रूपए में खरीदा गया था। जब उनसे पूछा गया कि वो इस धनराशि का क्या करेंगे, तो उनका जवाब था कि वे अपने पिता के सारे कर्ज चुकाएंगें और उनके लिए एक नया घर बनाएंगें। KKR के खिलाफ 54* रनों की मैच विनिंग पारी खेलकर उन्होंने अपने पिता को मिले हुए हर ताने का मुंहतोड़ जवाब दे दिया है।

रिलेटेड टॉपिक्स