नीतीश कुमार ने भरा राज्यसभा के लिए नामांकन, गृह मंत्री अमित शाह समेत कई दिग्गज नेता रहे मौजूद

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी पुरानी इच्छा पूरी करते हुए आज राज्यसभा के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। 16 मार्च को राज्यसभा चुनाव है और उसी दिन परिणाम भी घोषित कर दिए जाएंगे। इसमें कोई संदेह नहीं है कि नीतीश कुमार इस चुनाव में विजयी होंगे। राज्यसभा नामांकन के समय उनके साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय समेत अन्य नेता भी मौजूद रहे।

नीतीश कुमार ने भरा राज्यसभा के लिए नामांकन, गृह मंत्री अमित शाह समेत कई दिग्गज नेता रहे मौजूद

नामांकन के समय नीतीश कुमार के साथ अमित शाह और नितिन नबीन भी मौजूद थे।

Share:

Highlights

  • नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल किया, 16 मार्च को चुनाव।
  • नामांकन के दौरान अमित शाह समेत NDA के कई बड़े नेता रहे मौजूद।
  • नीतीश के राज्यसभा जाने के बाद बिहार में नए मुख्यमंत्री को लेकर सियासी हलचल तेज।

बिहार के लिए आज का दिन बेहद ऐतिहासिक साबित हुआ। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी पुरानी इच्छा पूरी करते हुए आज राज्यसभा के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री के रूप में उनके दो दशक पुराने कार्यकाल का अंत भी नजदीक आता दिख रहा है। 16 मार्च को राज्यसभा चुनाव है और उसी दिन परिणाम भी घोषित कर दिए जाएंगे। इसमें कोई संदेह नहीं है कि नीतीश कुमार इस चुनाव में विजयी होंगे। उनके इस कदम के बाद अब सभी की नजरें नई सरकार के गठन पर टिकी हैं।

राज्यसभा नामांकन के समय उनके साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय समेत अन्य नेता मौजूद रहे। नामांकन से पूर्व अमित शाह मुख्यमंत्री आवास पहुंचे, जहां दोनों नेताओं के बीच मुलाकात हुई। इस दौरान नीतीश कुमार ने शॉल भेंट कर अमित शाह का स्वागत किया। आज ही नितिन नबीन ने भी राज्यसभा के लिए अपना नामांकन दाखिल किया है। नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने को लेकर विभिन्न दलों की ओर से अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। उनके राज्यसभा जाने से नाराज जदयू कार्यकर्ताओं द्वारा पार्टी ऑफिस में तोड़फोड़ और हंगामा किए जाने तथा केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा और बिहार सरकार में मंत्री विजय कुमार चौधरी के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए जाने की खबरें सामने आई हैं।

उनके राज्यसभा जाने पर बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "सब जानते हैं कि बिहार चुनावों में NDA ने ‘2025 में फिर से नीतीश’ का नारा दिया था। उस समय भी हमने कहा था कि भाजपा के लोगों ने नीतीश कुमार को हाईजैक कर लिया है और वे उन्हें दोबारा कुर्सी पर नहीं बैठने देंगे। हमने कहा था कि वे 6 महीने से ज्यादा कुर्सी पर नहीं टिक पाएंगे। भाजपा ओबीसी, दलित और आदिवासी विरोधी पार्टी है। वे बिहार में ऐसा नेता नहीं चाहते जो ओबीसी या दलितों की आवाज उठाए, उन्हें तो बस एक रबर स्टैंप मुख्यमंत्री चाहिए।" अमित शाह ने भी उनकी तारीफ करते हुए कहा कि नीतीश जी ने बिहार को जंगलराज से बाहर निकाला। उनका कार्यकाल ऐतिहासिक रहा और उनके दामन पर कोई दाग नहीं है। उन्होंने बिहार के विकास को नई गति प्रदान की।

नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने पर जदयू नेता केसी त्यागी ने कहा, "नीतीश युग कभी समाप्त नहीं हो सकता। उन्होंने एक नया बिहार बनाया है। जिस प्रकार कर्पूरी ठाकुर और चौधरी चरण सिंह अमर हैं, उसी प्रकार नीतीश कुमार को भी युगों तक याद किया जाएगा।" इसके अलावा बिहार राज्य के खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता ने कहा कि यह नीतीश जी की ही इच्छा थी कि वे राज्यसभा जाएं। वहीं राजद नेता शक्ति सिंह यादव ने कहा, "202 सीटें जीतकर सत्ता में आए मुख्यमंत्री को राज्यसभा भेजा जा रहा है और नीतीश कुमार के बेटे को उपमुख्यमंत्री पद का लालच दिया जा रहा है।" अब यही उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही बिहार के नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान किया जाएगा।

रिलेटेड टॉपिक्स