उज्बेकिस्तान और किर्गिस्तान की चार दिन की सफल आधिकारिक यात्रा पूरी करके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत के लिए रवाना हो गए हैं। इसकी कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर करते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने लिखा, "एक उपयोगी यात्रा के बाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिश्केक से भारत के लिए रवाना हो गए। किर्गिस्तान के मंत्रिमंडल के अध्यक्ष मिस्टर आदिलबेक कासिमालीव ने उन्हें विदा किया। इस यात्रा के दौरान सार्थक चर्चाएं हुईं और ठोस परिणाम सामने आए, जिससे इस क्षेत्र के साथ भारत के संबंध और अधिक प्रगाढ़ हुए हैं।"
शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन के इतर, प्रधानमंत्री ने कुछ SCO सदस्य देशों के मुख्य नेताओं के साथ भी मुलाकात कीं। इनमें ताजीकिस्तान के राष्ट्रपति एमोमाली रहमान (Emomali Rahmon), लाओस के राष्ट्रपति थोंगलोउन सिसोउलिथ (Thongloun Sisoulith), अजरबैजान के राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव (Ilham Aliyev), उखनागीन खुरेलसुख (Ukhnaagiin Khürelsükh) और टोगो के राष्ट्रपति फॉरे एसोजिम्ना ग्नासिंगबे (Faure Essozimna Gnassingbé) जैसे नेता शामिल थे। प्रधानमंत्री मोदी ने SCO शिखर सम्मेलन को संबोधित किया और अन्य राष्ट्राध्यक्षों के साथ मिलकर शिखर सम्मेलन के घोषणापत्र पर हस्ताक्षर किए।
इनमें रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और ईरान के राष्ट्रपति डॉ. मसूद पेजेश्कियान समेत अन्य वर्ल्ड लीडर्स भी शामिल थे। जानकारी के अनुसार, घोषणापत्र के अलावा, SCO नेताओं ने 27 अन्य दस्तावेजों पर भी हस्ताक्षर किए। इनमें SCO सदस्य देशों की सुरक्षा के लिए चुनौतियों और खतरों से निपटने वाले यूनिवर्सल सेंटर से जुड़े नियम और 2026-2030 के लिए संगठन के सदस्य देशों के पोर्ट्स और लॉजिस्टिक्स सेंटर्स के विकास की कार्ययोजना शामिल है।
इसके अलावा, संबंधित पक्षों ने न्यूक्लियर और फिजिकल न्यूक्लियर सिक्योरिटी के लिए बहुपक्षीय साझेदारी को मजबूत करने वाले घोषणापत्र, ऊर्जा प्रणालियों में सहयोग बढ़ाने पर SCO सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्षों की परिषद के बयान और 2026-2030 के लिए SCO "ग्रीन टेक्नोलॉजी कॉरिडोर" स्थापित करने के सहयोग कार्यक्रम पर भी हस्ताक्षर किए।