पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण में कई महत्वपूर्ण सीटों पर होने जा रही है वोटिंग

TMC से मदन मित्रा, ज्योतिप्रिय मलिक, अरूंधति मैत्रा और डॉ. शशि पंजा जैसे चर्चित चेहरे भी दूसरे चरण में अपनी किस्मत आजमाने जा रहे हैं। पश्चिम बंगाल एवं अन्य राज्यों के चुनावी परिणाम 4 मई को सबके सामने आएंगे।

पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण में कई महत्वपूर्ण सीटों पर होने जा रही है वोटिंग

भवानीपुर सीट से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी चुनाव लड़ेंगे।

Share:

Highlights

  • कोलकाता पोर्ट से TMC के फिरहाद हकीम एक बार फिर चुनावी मैदान में उतरे है।
  • TMC द्वारा बालीगंज विधानसभा क्षेत्र से वरिष्ठ नेता सोवनदेव चट्टोपाध्याय को उतारा गया है।
  • सबंग सीट से TMC के मानस रंजन भुनिया दोबारा चुनाव लड़ रहे है।

पश्चिम बंगाल चुनावों में दूसरे चरण के मतदान के प्रचार का आज अंतिम दिन है। पहले फेज की ताबड़तोड़ वोटिंग के बाद अब दूसरे चरण में 142 सीटों पर भी अच्छे मतदान की उम्मीद की जा रही है। 29 अप्रैल को नादिया, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, हावड़ा, हुगली और पूर्व बर्धमान जैसे जिलों में वोटिंग होगी। दूसरे चरण में काफी अहम सीटों पर वोट पड़ने जा रहे हैं।

इनमें TMC प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की हाई-प्रोफाइल भवानीपुर सीट सबसे अधिक चर्चा में है। उनके खिलाफ BJP के लीडर ऑफ द ऑपोजिशन सुवेंदु अधिकारी है। सुवेंदु नंदीग्राम सीट से भी उम्मीदवार हैं, जहां पहले ही मतदान किया जा चुका है। अन्य उल्लेखनीय सीटों में कोलकाता पोर्ट, बालीगंज, बेलेघाटा, सबंग, टॉलीगंज, दम दम, कमरहाटी, हाबरा, दम दम उत्तर, सोनारपुर दक्षिण और श्यामपुकुर जैसे विधानसभा क्षेत्र शामिल है।

कोलकाता पोर्ट से मुख्यमंत्री बनर्जी के बेहद करीब माने जाने वाले फिरहाद हकीम चुनाव लड़ रहे हैं। 2011 से उनका इस सीट पर कब्जा है और इसके साथ वो कोलकाता के मेयर भी हैं। इतना ही नहीं, हकीम फिलहाल पश्चिम बंगाल के मंत्रिमंडल में शहरी विकास और नगर पालिका मामलों के मंत्री केतौर पर भी काम कर रहे हैं। उनके खिलाफ BJP के राकेश सिंह मैदान में उतरे हैं। बालीगंज की बात करें तो इस सीट से TMC के सबसे सीनियर लीडर्स में से एक सोवनदेव चट्टोपाध्याय चुनावी रण में उतरे हैं।

सोवनदेव 1991 से किसी न किसी विधानसभा क्षेत्र से चुनकर आ रहे हैं। वो 1991 से 1998 तक बरुईपुर पश्चिम, 1998 से 2021 तक रासबिहारी, 2021 में भवानीपुर और 2021 के उप-चुनाव में ही खरदहा सीट से चुनाव जीत चुके हैं। वर्तमान में वो पश्चिम बंगाल सरकार में कृषि और संसदीय कार्य मंत्री हैं। सोवनदेव के खिलाफ BJP की शतरूपा चुनाव लड़ रही हैं।

बेलेघाटा सीट से पूर्व राज्यसभा सांसद और TMC प्रवक्ता कुणाल घोष के सामने BJP के पार्थ चौधरी चुनाव लड़ेंगे। सबंग सीट पर TMC की ओर से मानस रंजन भुनिया प्रत्याशी हैं, वहीं BJP ने उनके खिलाफ अमल पांडा को मैदान में उतारा है। मानस 1982 से 1991, 2006 से 2017 और फिर 2021 से दोबारा सबंग से चुनाव जीत चुके हैं। वो राज्य सरकार में जल संसाधन जांच एवं विकास मंत्री भी हैं। उन्हें हराने के लिए BJP को कड़ी मशक्कत करनी पड़ सकती है।

टॉलीगंज विधानसभा क्षेत्र से TMC के अरूप बिस्वास और BJP की पापिया अधिकारी चुनाव लड़ने जा रहीं हैं। 2006 से अरूप लगातार इस सीट पर जीत हासिल कर रहे हैं और पश्चिम बंगाल के विद्युत विभाग और आवास विभाग के मंत्री हैं। दम दम सीट से पश्चिम बंगाल के शिक्षा मंत्री ब्रात्य बासु के सामने BJP के अरिजीत बक्शी खड़े हैं। बासु 2011 से लगातार दम दम से जीतते हुए आ रहे हैं। अतीत में वो सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री और पर्यटन मंत्री के तौर पर भी काम कर चुके हैं।

इन सभी के अतिरिक्त TMC से मदन मित्रा, ज्योतिप्रिय मलिक, अरूंधति मैत्रा और डॉ. शशि पंजा जैसे चर्चित चेहरे भी दूसरे चरण में अपनी किस्मत आजमाने जा रहे हैं। पश्चिम बंगाल एवं अन्य राज्यों के चुनावी परिणाम 4 मई को सबके सामने आएंगे। एक अन्य महत्वपूर्ण खबर में चुनाव से पूर्व, दक्षिण 24 परगना जिले के भांगर/भांगड़​ से 79 क्रूड बम बरामद हुए हैं राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने कोलकाता पुलिस द्वारा बरामद किए गए इन बमों के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। यह कार्रवाई गृह मंत्रालय के निर्देशों के बाद की गई है।

रिलेटेड टॉपिक्स