उत्तर प्रदेश, बिहार, कर्नाटक और महाराष्ट्र विधान परिषदों की रिक्त सीटों के लिए मतदान संपन्न हो चुका है। कुछ सीटों के परिणाम घोषित किए जा चुके हैं, जबकि शेष सीटों पर नतीजे आना अभी बाकी है। उत्तर प्रदेश की बात करें तो यहाँ भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अच्छा प्रदर्शन किया है। मेरठ शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से BJP के श्रीचंद शर्मा ने समाजवादी पार्टी (SP) के नितिन तोमर को 13,241 वोटों के अंतर से शिकस्त देकर जीत हासिल की है। वहीं, मेरठ स्नातक सीट पर BJP के दिनेश गोयल ने SP के प्रमेंद्र भाटी को 12,855 मतों से पराजित किया।
इसके अतिरिक्त, बरेली-मुरादाबाद शिक्षक सीट पर भी BJP का परचम लहराया है, जहाँ डॉ. हरि सिंह ढिल्लों ने SP के हाजी दानिश अख्तर को 17,676 वोटों के भारी अंतर से मात दी है। लखनऊ शिक्षक सीट पर BJP के उमेश द्विवेदी ने SP के सुशील कुमार को मात दी है। SP के लाल बिहारी यादव ने वाराणसी शिक्षक सीट लगातार दूसरी बार जीती। उन्होंने BJP के प्रमोद मिश्रा को 5,017 वोटों से पराजित किया है। आगरा शिक्षक सीट पर SP के आकाश अग्रवाल ने विजय प्राप्त की है।
कर्नाटक में BJP के नेतृत्व वाले नेशनल डेमोक्रेटिक अलायन्स (NDA) को बड़ी सफलता मिली है। NDA ने चारों सीटों पर जीत हासिल की है। BJP को 3 और उनके सहयोगी दल जनता दल-सेक्युलर (JD-S) को एक सीट पर जीत मिली है। BJP के एस.वी. संकानूर (पश्चिम स्नातक), के.एम. सुरेश (दक्षिण-पूर्व स्नातक) और शशील जी. नमोशी (उत्तर-पूर्व शिक्षक) ने अपनी सीटें जीतीं। वहीं, बेंगलुरू शिक्षक सीट पर बड़ा उलटफेर करते हुए JD-S के ए.पी. रंगनाथ ने कांग्रेस के नेता पुट्टन्ना को शिकस्त दी। कांग्रेस इस चुनाव में खाता खोलने को भी तरस गई।
बिहार में पटना शिक्षक सीट पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के डॉ. संजीव कुमार ने BJP के डॉ. नवल किशोर यादव को पराजित कर दिया। ये जीत इसलिए भी बड़ी मानी जा रही है क्योंकि डॉ. नवल किशोर 1996 से इस सीट से MLC थे। वहीं दरभंगा शिक्षक पर जन सुराज पार्टी (JSP) के डॉ. सुरेश प्रसाद राय ने भी विजय प्राप्त की है। उन्होंने कांग्रेस के मदन मोहन झा को हरा दिया। वहीं पटना स्नातक सीट पर जनता दल-यूनाइटेड (JD-U) के नीरज कुमार ने जीत हासिल की है। उन्होंने JSP के डॉ. अनुज कुमार को मात दी। इनके अलावा तिरहुत शिक्षक से BJP के नरेंद्र प्रसाद सिंह और सारण शिक्षक से निर्दलीय राहुल राज जीते।