संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से एक बड़ी खबर सामने आई है। UAE के राष्ट्रपति और अबू धाबी के शासक, शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने फ्लाईदुबई विमान को संभावित हादसे से बचाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार और उनके क्रू सदस्यों को फर्स्ट क्लास ऑर्डर ऑफ जायद II से सम्मानित किया है। यह पुरस्कार दुबई के क्राउन प्रिंस और UAE के उप-प्रधानमंत्री तथा रक्षा मंत्री, शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम द्वारा प्रदान किया गया।
इस अवसर पर UAE के उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री तथा दुबई के शासक, शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम भी मौजूद थे। राष्ट्रपति ने कैप्टन स्मित को गले भी लगाया। इस सम्मान के मिलने के बाद, कैप्टन स्मित को बधाई देने वालों का तांता लग गया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (BJP) की राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी ने X पर लिखा कि हवा में होने वाली एक बड़ी दुर्घटना को टालने में उनके असाधारण साहस ने भारतीय विमानन क्षेत्र की वीरता, कुशलता और शांत पेशेवर रवैये को बखूबी साबित किया है।
स्मृति ने आगे लिखा कि वे एक सच्चे नायक हैं और हम सभी के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं! वहीं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने लिखा कि कैप्टन स्मित मच्छार का यह साहसिक योगदान न केवल देश के लिए गर्व का विषय है, बल्कि यह भी प्रमाणित करता है कि संकट की घड़ी में धैर्य, निर्णय क्षमता और पेशेवर दक्षता कितनी अमूल्य होती है। उनकी यह उपलब्धि राष्ट्र का मान बढ़ाने के साथ-साथ देशवासियों और युवा पीढ़ी को कर्तव्यपरायणता एवं समर्पण के लिए प्रेरित करती रहेगी।
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कैप्टन स्मित से वीडियो कॉल पर बात कर चुके हैं और उनकी हिम्मत की सराहना कर चुके हैं। सोशल मीडिया पर भी उन्हें अशोक चक्र से सम्मानित करने की मांग भी उठ चुकी है। गुजरात सरकार भी यह घोषणा कर चुकी है कि कैप्टन स्मित को विशिष्ट गुजरात गरिमा पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।