भारत की राजधानी नई दिल्ली के भारत मंडपम में 12 और 13 सितंबर को आयोजित होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए कई वैश्विक नेता राजधानी पहुंच चुके हैं, जबकि शेष मेहमानों का आगमन भी जारी है। आज वियतनाम के प्रधानमंत्री ले मिन्ह हंग (Lê Minh Hưng) भी भारत पहुंच चुके हैं। केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोळ ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इस मौके की एक तस्वीर X पर शेयर करते हुए लिखा, 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए नई दिल्ली पहुंचने पर वियतनाम के प्रधानमंत्री ले मिन्ह हंग का गर्मजोशी से स्वागत है। एयरपोर्ट पर राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोळ ने उनका स्वागत किया। भारत और वियतनाम के बीच एक उन्नत व्यापक रणनीतिक साझेदारी है, जो दोस्ती और सहयोग के पुराने संबंधों पर आधारित है। यह साझेदारी रक्षा और सुरक्षा, फिनटेक, महत्वपूर्ण खनिजों और अन्य उभरते क्षेत्रों तक फैली हुई है। दोनों पक्ष बहुपक्षीय सहयोग पर मिलकर काम करना जारी रखे हुए हैं।"
ले मिन्ह हंग के अलावा बेलारूस के विदेश मंत्री मैक्सिम रिजेनकोव, विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के डायरेक्टर-जनरल डॉ. टेड्रोस एडनॉम घेब्रेयेसस और फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर भी भारत पहुंच चुके हैं। आज ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद हाउस में इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली (Abiy Ahmed Ali) और मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम, अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान और वियतनाम के प्रधानमंत्री ले मिन्ह हंग के साथ द्विपक्षीय बैठक की।
विदेश मंत्रालय की प्रेस रिलीज के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी और अबी अहमद अली ने आपसी रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के मकसद से बातचीत की। उन्होंने आर्थिक सहयोग, रक्षा और सुरक्षा साझेदारी और क्षमता निर्माण जैसे अहम क्षेत्रों में हुई प्रगति की समीक्षा की। यह बैठक प्रधानमंत्री मोदी की दिसंबर 2025 में अदीस अबाबा की ऐतिहासिक यात्रा के बाद हुई।
दोनों नेताओं ने आपसी हित के क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने बहुपक्षीय मंचों पर करीबी सहयोग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। प्रधानमंत्री मोदी ने 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में इथियोपिया की भागीदारी की सराहना की और कहा कि इसकी मौजूदगी से 'ग्लोबल साउथ' की सामूहिक आवाज को मजबूत करने में मदद मिली।